Latest:
उत्तराखंड

भारतीय गणितीय परंपरा की आधुनिक उपयोगिता पर जोर, वैदिक गणित की तकनीकों से सरल होंगी जटिल गणनाएं।रानीखेत महाविद्यालय में ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित, डॉ. सुरेंद्र पड़ियार ने विद्यार्थियों को सिखाईं गणितीय समस्याओं के त्वरित समाधान की तकनीकें*

रानीखेत/उत्तराखंड(खबर धमाका)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के विज्ञान लोकप्रियकरण प्रकोष्ठ द्वारा 2 नवंबर 2026 को वैदिक गणित विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा के गणित विभाग में कार्यरत डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार ने वैदिक गणित की शक्ति: कुशलतापूर्वक समस्याओं के समाधान हेतु तकनीकें’ विषय पर व्याख्यान दिया।

अपने व्याख्यान में डॉ. पड़ियार ने वैदिक गणित के विभिन्न सूत्रों, तकनीकों एवं उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गणितीय उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार वैदिक गणित की सरल एवं प्रभावी तकनीकों का उपयोग करके जटिल गणनाओं को कम समय में सहजता से हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वैदिक गणित केवल गणना की गति बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, मानसिक गणना तथा समस्या समाधान की दक्षता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पारंपरिक भारतीय गणितीय ज्ञान को आधुनिक शिक्षा पद्धति से जोड़ने तथा विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करने पर विशेष बल दिया।

कार्यशाला के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में वैदिक गणित की उपयोगिता, दैनिक जीवन में इसकी प्रासंगिकता तथा गणितीय समस्याओं के त्वरित समाधान में इसकी भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के संरक्षक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने अपने संबोधन में वैदिक गणित के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय गणितीय परंपरा ज्ञान एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समृद्ध आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैदिक गणित की तकनीकों को सीखने और अपने शैक्षणिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में वैदिक गणित की तकनीकें विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती हैं तथा आने वाले समय में गणितीय शिक्षा के क्षेत्र में इनकी उपयोगिता और भी बढ़ेगी। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।

कार्यशाला का आयोजन और संचालन समन्वयन डॉ. भारत पांडेय द्वारा किया गया तथा सह-समन्वयक डॉ. निधि शर्मा ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा वैदिक गणित की विभिन्न तकनीकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. निधि शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह पड़ियार, महाविद्यालय के प्राचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापकों, समस्त प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में गणित के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में भी सहायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी वैदिक गणित सहित अन्य ज्ञानवर्धक विषयों पर इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. पी.एन. तिवारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में गणितीय ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा भारतीय गणितीय परंपरा की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता को प्रोत्साहित करना रहा।

Advertisement