शारदा नहर में गिरी इनोवा कार, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत। मृतका द्रोपदी पति की मृत्यु के बाद लोहियाहेड पावर में करती थी नौकरी।देर रात हुए हादसे मृतक द्रोपदी का पूरा परिवार खत्म

नरेन्द्र राठौर

रुद्रपुर (खबर धमाका)। ऊधमसिंहनगर के खटीमा क्षेत्र में गुरुवार की देर रात एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लोहियाहेड के समीप शारदा नहर में गिर गई। हादसे में तीन बच्चों एवं महिला समेत 5 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद नगरा तराई, लोहियाहेड और अंजनिया बुढ़ाबाग गांव में मातम छा गया। पुलिस ने देर रात को ही इनोवा कार से पांचों के शव बरामद कर मोर्चरी में रखवा दिया गया। शुक्रवार की सुबह उनके शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।

पावर हाउस कालोनी लोहियाहेड निवासी 38 वर्षीय द्रोपदी उर्फ दुर्गा पत्नी स्वर्गीय विजेंद्र अपनी 12 वर्षीय पुत्री ज्योति एवं इनोवा कार चालक नगरा तराई निवासी 40 वर्षीय मोहन सिंह धामी पुत्र बहादुर सिंह धामी के साथ इनोवा कार संख्या यूपी-75 एस-7777 में सवार होकर गुरुवार की शाम को अपने भाई अंजनिया बुढ़ाबाग निवासी मोहन चंद के घर गई थी। देर रात को अपने भाई के पुत्र 5 वर्षीय सोनू एवं 7 वर्षीय पुत्री दीपिका को लेकर वापस लोहियाहेड अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच इनोवा कार अनियंत्रित होकर पावर हाउस जाली के समीप शारदा नहर में गिर गई। देर रात्रि तक जब वह घर नहीं पहुंचे। तो उनके भाई मोहन चंद को इसकी चिंता हुई। जिसके बाद परिजनों ने उनकी ढूंढ खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों को एक कार शारदा नहर में गिरी दिखाई दी। इसकी सूचना मोहन चंद ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देर रात को ही झनकईया थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस कर्मी शारदा नहर पहुंचे। जहां उन्होंने शारदा नहर में गिरी इनोवा कार को बमुश्किल रस्सी एवं अन्य वाहनों की मदद से खींच कर नदी से बाहर निकाला। जिसके बाद कार में फंसे 5 लोगों को बाहर निकालकर उन्हें ऐंबुलेंस 108 से उप जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पांचों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया।
शुक्रवार की सुबह पुलिस ने शवों के पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्रित रहे। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने यहां पहुंचे और घटना स्थल को मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि घटना स्थल का मौका मुआयना करने पर घटना के कारणों का कुछ पता नहीं चल सका है। परिजनों से भी घटना की जानकारी ली है। पुलिस घटना के कारणों की जांच पड़ताल कर रही
है।
