Latest:
उधमसिंह नगर

युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते है खेलः विकास शर्मा।वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन पर महापौर ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

रुद्रपुर(खबर धमाका)। किच्छा विधानसभा के शांतिपुरी नंबर 04 में आदर्श वॉलीबॉल समिति द्वारा आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के फाइनल में केपी वॉलीबॉल शांतिपुरी की टीम ने अपने दबदबे को बरकरार रखते हुए लगातार छठी बार खिताब जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

फाइनल मैच में शांतिपुरी के खिलाड़ियों ने जबरदस्त तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। विजेता टीम में विशु, अर्जुन, मंजीत राणा, सूर्यांश तोमर, सोही, भुल्लर और हर्षित चतुर्वेदी ने अपनी खेल प्रतिभा से दर्शकों का दिल जीत लिया। महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजन प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक फिटनेस के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना विकसित करते हैं। आज के समय में जब युवा दिशा भटक रहे हैं, ऐसे आयोजन उन्हें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक होते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना सराहनीय कदम है और वे खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में हज कमेटी उत्तराखंड के अध्यक्ष खतीब अहमद, अनिल जोशी, भरत शाह, प्रांतीय व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष संदीप राव,आयोजक मंडल के शुभम कोरंगा, दिवाकर कोरंगा, नरेंद्र कोरंगा, तारा सिंह पांडा , ग्राम प्रधान पुत्र ललित बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर सिंह दानू सहित भारी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।