हल्द्वानी में भाजपा पार्षद ने युवक को गोली से उड़ाया, सनसनी। युवक की मौके पर ही मौत, घटना बाद तनाव की स्थिति

नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका) हल्द्वानी में दिन–दहाड़े हुई गोलीबारी की सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। भाजपा के पार्षद और संगठन से जुड़े अमित बिष्ट उर्फ चिंटू ने जज फार्म निवासी युवक नितिन पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर भी कब्जे में ले ली है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार फायरिंग किन कारणों से हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार घटनास्थल पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू भाजपा विधायक बंशीधर भगत के करीबी माने जाते हैं। इससे पहले भी अमित बिष्ट का नाम एक मारपीट के मामले में सामने आ चुका है, जिसको लेकर बीते वर्ष विधायक द्वारा कोतवाली में धरना दिए जाने की भी चर्चा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
