उधमसिंह नगर

राशन लेकर लौट रही वृद्धा को ट्रक ने मारी टक्कर,मौत।हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भागा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। काशीपुर में सस्ता गल्ला दुकान से राशन लेकर पति के साथ लौट रही वृद्ध महिला को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस। इस बीच चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

बाजपुर रोड स्थित हिम्मतपुर जिंदल वेजीटेबल प्रोडक्ट लिमिटेड के क्वार्टर निवासी नटलाल अपनी पत्नी बिंदु देवी (60) के साथ बृहस्पतिवार सुबह सस्ता गल्ला दुकान से कोटे का राशन लेने गए थे। पति-पत्नी सुबह लगभग साढ़े नौ बजे राशन लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाजपुर रोड स्थित केवीएस सरिया फैक्टरी के पास तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बिंदु देवी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बिंदु देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि बिंदु देवी की पांच बेटियां हैं, सभी की शादी हो चुकी है। बताया पति नटलाल फैक्टरी में नौकरी करते हैं और पति-पत्नी फैक्टरी के क्वार्टर में रहते थे। सुबह पति-पत्नी हिम्मतपुर स्थित सस्ता गल्ला दुकान से राशन ले गए थे। वहां से लौटते वक्त हादसा हो गया। उधर, एसआई प्रकाश बिष्ट ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। परिजनों ने घटना को लेकर अभी कोई तहरीर नहीं सौंपी है।