Latest:
उधमसिंह नगर

त्रिशूल चौक की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: अरविंद शर्मा। भोलेनाथ के त्रिशूल के पास महिला के डांस करने की वीडियो वायरल होने पर जताई नाराजगी

रुद्रपुर(खबर धमाका)। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल त्रिशूल चौक स्थित भगवान भोलेनाथ के प्रतीक त्रिशूल की मर्यादा बनाए रखने को लेकर माँ अटारिया मंदिर के अध्यक्ष/सचिव अरविंद शर्मा ने कड़ा संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि त्रिशूल हिंदू आस्था और भगवान शिव का प्रतीक है, इसलिए इसके समीप गाने व डांस की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है।
अरविंद शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि धार्मिक स्थल की गरिमा भंग करने वाले को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कदम भी उठाए जाएंगे।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले फोटो, वीडियो अथवा आपत्तिजनक टिप्पणियां साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन से अपील की कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सम्मान बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें।
अरविंद शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर का यह भव्य त्रिशूल शहर की पहचान और श्रद्धा का प्रतीक है, जिसकी मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
वहीं विकास शर्मा और नगर निगम रुद्रपुर की ओर से भी लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा का सम्मान करने की अपील की गई है। 🔱