अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश के इंटरनेशनल ट्रिब्यूनल कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सुनाई मौत की सजा

नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को इंटरनेशनल ट्रिब्यूनल कोर्ट ने मानवता के खिलाफ कथित अपराधों के एक मामले में मौत की सजा सुनाई है। ट्रिब्यूनल कोर्ट के इस फैसले के बाद शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने मोहम्मद यूनुस पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वे मेरी मां को नहीं मार पाएंगे।

दरअसल, बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना इस समय भारत में निर्वासन में हैं। सोमवार को बांग्लादेश के अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को मौत की सजा सुनाई। जिसके बाद बेटे सजीब वाजेद ने कहा कि मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस उनकी मां की हत्या नहीं कर पाएंगे।

शेख हसीना के बेटे वाजेद ने कहा, “यूनुस मेरी मां को छू नहीं सकता और वह उनके साथ कुछ भी नहीं कर सकता।” उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि बांग्लादेश में स्थिति “अवैध और असंवैधानिक” है और एक बार कानून का शासन आ जाने पर मामला टिक नहीं पाएगा।

वाजेद ने कहा कि मुहम्मद यूनुस मेरी मां को मार तो नहीं पाएंगे, क्योंकि, वे उन्हें पकड़ नहीं पाएंगे। लेकिन फैसले को जरूर लागू करेंगे। वाजेद ने आगे कहा कि एक बार कानून का राज आ जाए, तो यह पूरी प्रक्रिया ही रद हो जाएगी।

शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने पीएम नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी का हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा। उन्होंने मेरी मां की सुरक्षा सुनिश्चित की है। उन्होंने मेरी मां की जान बचाई है। वह एक देश के मुखिया के तौर पर उन्हें कड़ी सुरक्षा में रख रहे हैं और इसके लिए मैं भारत सरकार और भारत के लोगों का हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा।