Latest:
उत्तराखंड

बड़ी खबर,जिपा अध्यक्ष की मंशा पर फिरा पानी,अब सीडीओ लेंगे एएमए का चार्ज। एएमए तेज सिंह का स्थानांतरण होते ही जिपा अध्यक्ष ने हरी मोहन को सौंपा था चार्ज

नरेन्द्र राठौर
रुद्रपुर(खबर धमाका)। ऊधमसिंहनगर में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) तेज सिंह का तबादला चंपावत होने के बाद उनके बदले चार्ज को लेकर नाटकीय मोड़ आ गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार ने नए एएमए की तैनाती तक हरिमोहन को प्रभारी एएमए का चार्ज सौंपा था, लेकिन शासन ने सीडीओ को अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज लेने के निर्देश जारी किया है।
जिपं अध्यक्ष रेनू गंगवार और एएमए तेज सिंह के बीच कुछ महीनों से टेंडर सहित अन्य कार्यों को लेकर तकरार चल रही थी। बीते जनवरी में हुई जिपं की बोर्ड बैठक को अपर मुख्य अधिकारी ने अवैध करार दिया था। इसको लेकर दोनों के बीच ठन गई थी। हाल में हुई जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जिपं सदस्यों ने भी एएमए पर विकास कार्यों के पारित प्रस्तावों पर कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाते हुए धरना दिया था। जिला पंचायत अध्यक्ष ने एएमए के खिलाफ शासन से शिकायत की थी। पंचायतीराज अनुभाग के अपर सचिव आलोक कुमार पांडेय ने 24 जुलाई को तेज सिंह का तबादला जिला पंचायत चंपावत करने के आदेश जारी किए थे। तेज सिंह ने चार्ज सीडीओ को सौंप दिया था। बृहस्पतिवार को हरिमोहन को प्रभारी एएमए का चार्ज दिया था, लेकिन उत्तराखंड शासन पंचायतीराज अनुभाग दो के सचिव चंदेश कुमार ने आदेश जारी कर सीडीओ को अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज लेने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ मनीष कुमार ने बताया कि वे शनिवार को जिपं के अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज लेंगे।