भाजपा का प्रत्याशी घोषित,कांग्रेस का कब! माइंड गेम में ही कांग्रेस पर भारी पड़ी भाजपा । 2019 में नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा सीट पर उतरे थे सात प्रत्याशी। कांग्रेस-भाजपा को छोड़कर सभी की जमानत हो गई थी जब्त

नरेन्द्र राठौर

नरेन्द्र राठौर (खबर धमाका)। लोकसभा चुनाव 2024 में आचार संहिता लगने से पहले भाजपा ने नैनीताल ऊधमसिंहनगर लोकसभा सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित करके कांग्रेस पर शुरुआती बढ़त बना ली है। कांग्रेस में कौन प्रत्याशी होगा इसको लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही। ऐसे पिछली बार 3.39 लाख रिकार्ड मतों से जीते भाजपा के अजय को कैसे मात देंगी यह समझ नहीं आ रहा है।
नैनीताल लोकसभा सीट कई बात करें तो 2019 में इस सीट पर भाजपा के अजय भट्ट, कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत, बीएसपी के नवनीत अग्रवाल,सीपीआईएमएल के कामरेड डा.कैलाश पांडेय,पीएल एम से प्रेम प्रसाद आर्य, निर्दलीय सुकुमार विश्वास और बीएसयूपी से ज्योति प्रकाश टम्टा चुनावी समय में उतरे थे, लेकिन मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा था, मतदाताओं ने बाकी सभी उम्मीदवारों को पूरी तरह नकार दिया था। आलम यह था कि 07 में से 05 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। भाजपा के अजय भट्ट को 61.88 यानी सबसे ज्यादा 772195 मत, कांग्रेस के हरीश रावत को 34.07 यानी 433090 मत मिले थे। बीएसपी के नवनीत को 28455 यानी 2.28,सीपीआईएमएल के कामरेड डा.कैलाश पांडेय को 5488 यानी 0.44 प्रतिशत,पीएलएम के प्रेम प्रसाद आर्य 3339 यानी 0.27 प्रतिशत, निर्दलीय सुकुमार विश्वास को 3333 और बीएसयूपी से ज्योति प्रकाश टम्टा को 2053 यानी 0.16 प्रतिशत मत ही मिले थे। भाजपा कांग्रेस को छोड़कर सभी प्रत्याशी 3.42 प्रतिशत मत ही हासिल कर पाए थे।

इस बार भी मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होना तय है। पिछले तीन लोकसभा चुनाव में मतदातओं ने जिस पर अन्य पार्टियों और निर्दलीयों को आईना दिखाया है, उससे इस बार कोई मैदान में उतरेगा इसकी उम्मीद भी कम ही है।
इधर चुनावी पंडितों की मानें तो पहले प्रत्याशी घोषित करने का लाभ भाजपा को मिलेगा।अब तक किसे टिकट मिलेगा इसको लेकर संशय था। जबकि कांग्रेस पिछली बार बड़े अंतर से हारी थी। यदि कांग्रेस टिकट की घोषणा पहले करती तो उसे जरूर लाभ मिलता, लेकिन माइंड गेम में भाजपा ने कांग्रेस पर बढ़त बना ली है। जो कांग्रेस के लिए ख़तरे की घंटी है।
