रुद्रपुर में वनाग्नि रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु फॉरेस्ट फायर मॉक ड्रिल आयोजित

रुद्रपुर(खबर धमाका)– मुख्य वन संरक्षक (वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन) के निर्देशन में आज 18 फरवरी 2026 को संजय वन क्षेत्र के धीमरी ब्लॉक, प्लॉट संख्या–55, पत्थरचट्टा जंगल, उत्तरी टांडा रेंज, रुद्रपुर में वनाग्नि रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु फॉरेस्ट फायर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

प्रातः 10:46 बजे वन विभाग के कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना पर जिला आपदा नियंत्रण कक्ष द्वारा तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, जिसके बाद आईआरएस (इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम) के तहत सभी संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
मॉक ड्रिल के दौरान लगभग 01 हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग एवं आपदा प्रबंधन दल की संयुक्त टीमों ने समन्वित प्रयास करते हुए फायर लाइन बनाकर आग पर नियंत्रण पाया। एक घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। लगभग 11:48 बजे तक आग पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया गया।
इस अभ्यास में पुलिस बल, चिकित्सा दल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग की टीमें एवं अन्य कार्मिकों सहित कुल विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला आपदा प्रबंधन वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल से आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा सतत निगरानी की गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी द्वारा समय-समय पर मॉक ड्रिल कर कंट्रोल रूम, स्टेजींग एरिया और इंसिडेंट एरिया में समन्वय स्थापित किया गया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य वनाग्नि की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा विभागीय तैयारियों का परीक्षण करना था। वर्तमान में स्थिति पूर्णतः सामान्य है।
———————————————-
