गदरपुर में बिजली चोरों और अवरोधकों पर ऐतिहासिक महाप्रहार।पुलिस, पीएसी, विजिलेंस व यूपीसीएल की संयुक्त कार्यवाही।बिजली चोरी पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’, स्मार्ट मीटर हर हाल में लगेंगे

गदरपुर(खबर धमाका)। गदरपुर में गुरुवार को बिजली चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी, सबसे सख़्त और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया गया। भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, विजिलेंस विभाग और यूपीसीएल की संयुक्त टीमें एक साथ मैदान में उतरीं और पूरे क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध महा अभियान चलाया गया।

इस अभूतपूर्व कार्रवाई के दौरान आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों में एक-एक कनेक्शन की गहन जांच की गई। मीटर बाईपास, सीधी केबल से चोरी और नियमों को ठेंगा दिखाने वाले तरीकों को मौके पर ही पकड़ा गया। अवैध कनेक्शन तत्काल काटे गए और दोषियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
स्मार्ट मीटर का विरोध पड़ा भारी
अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ तत्व स्मार्ट मीटर स्थापना का जानबूझकर विरोध कर रहे थे। ऐसे लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, अफ़वाह फैलाने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में सख़्त कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि स्मार्ट मीटर लगना अनिवार्य है, और इसका विरोध करने वालों को कानून के तहत दंडित किया जाएगा।
यूपीसीएल अधिकारियों ने दो टूक कहा—
“अब सहमति नहीं, व्यवस्था चलेगी। स्मार्ट मीटर हर हाल में लगाए जाएंगे।”
पहली बार इतनी बड़ी चेकिंग, विभागीय इतिहास में दर्ज
बिजली चोरी के खिलाफ पहली बार गदरपुर में इतनी व्यापक, संगठित और बल-समर्थित चेकिंग की गई है। इसे विभागीय इतिहास की सबसे निर्णायक और ऐतिहासिक कार्रवाई माना जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि डर नहीं—अनुशासन स्थापित करना है।
इस संयुक्त कार्रवाई से पूरे गदरपुर क्षेत्र में हड़कंप और चेतावनी का माहौल है। बिजली चोरी में लिप्त और स्मार्ट मीटर का विरोध करने वाले तत्वों में स्पष्ट खौफ देखा गया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ही सघन, अचानक और और भी कड़े अभियान लगातार जारी रहेंगे।
