उत्तराखंड

सभी घरों में  अनिवार्य रुप से बने हो सेप्टिक टैंक,मिश्रा।ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर नमामि गंगे उत्तराखंड के कार्यक्रम निदेशक विशाल मिश्रा ने की समीक्षा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वच्छ, हरित और व्यवस्थित उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसी क्रम में नमामि गंगे उत्तराखंड के कार्यक्रम निदेशक  विशाल मिश्रा ने विकास भवन सभागार में स्थानीय नगर निकायों एवं पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान श्री मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में घरों के सेप्टिक टैंकों से निकाले गए सीवर का निस्तारण केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नियमित रूप से सेप्टिक मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में सभी घरों में सेप्टिक टैंक अनिवार्य रूप से बने हों तथा किसी भी स्थिति में नालियों में सीवर न डाला जाए। इसके साथ ही श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि नगर निकायों में संचालित सभी सेप्टिक टैंक वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाए, और जिन वाहनों में जीपीएस उपलब्ध नहीं है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सभी नगर निकाय डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को वार्डवार सेग्रीगेशन के साथ सुनिश्चित करें। साथ ही सूखे कूड़े का स्थानीय स्तर पर वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जाए, ताकि कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल बन सके।

श्री मिश्रा ने कहा कि गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियां स्वच्छ रहेंगी तभी शहर स्वच्छ और स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि लिक्विड वेस्ट एवं सॉलिड वेस्ट के निस्तारण के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे नदियों में प्रदूषण रोका जा सके और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे।                                 इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल , अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी, सहित सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित थे।

——————————————