आप्रेशन लंगड़ा,पुलिस का अचूक निशाना।हत्यारोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़,आरोपी के पैर में लगी गोली,एसएसपी से माफी मांगता नजर आए घायल

रुद्रपुर(खबर धमाका)। ऊधमसिंहनगर में अपराधियों के खिलाफ एसएसपी मणिकांत मिश्रा द्वारा शुरू किए गए आप्रेशन लंगड़ा के तहत सितारगंज क्षेत्र में फिर गोलियों की गूंज सुनाई थी। पुलिस और हत्या कर फरार आरोपी के बीच हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस की गोली हत्यारोपी के पैर में लगी है। मुठभेड़ के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचे एसएसपी का घायल से पूछताछ करते फोटो समाने आया है, जिसमें वह कप्तान साहब से हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है।

पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई 2025 को शाम लगभग 7:30 बजे, कोतवाली सितारगंज क्षेत्र के ग्राम सेजनी में पुलिस को सूचना मिली कि निशान सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम सेजनी ने आपसी कहासुनी में सुरजीत सिंह पुत्र धीर सिंह (उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी ग्राम सेजनी) को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निशांत सिंह और सुरजीत सिंह के बीच पानी की मोटर लगाए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस कहासुनी के दौरान, निशांत सिंह ने अपने पास मौजूद हथियार से सुरजीत सिंह पर सीधे फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरजीत सिंह को तुरंत सी.एच.सी. सितारगंज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मुठभेड़ और गिरफ्तारी
हत्या की वारदात के बाद, पुलिस ने आरोपी निशान सिंह की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस द्वारा गोठा से बसगर की तरफ जाने वाले रास्ते पर जब एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो बाइक सवार द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की गई। पुलिस टीम द्वारा पुनः उसको पकड़ने की कोशिश की गई तो अभियुक्त द्वारा फिर से फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा आड़ लेकर आत्मरक्षा में जवाबी कार्यवाही की गई तो अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पूछताछ करने पर अभियुक्त ने अपना नाम निशान सिंह बताया।
बता दें कि ऊधमसिंहनगर में बतौर एसएसपी कमान संभालने के बाद मणिकांत मिश्रा ने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए आप्रेशन लंगड़ा शुरू किया था। जिसके तहत अब तक एक दर्जन से ज्यादा मुठभेड़ हुई है। इन मुठभेड़ों में ऊधमसिंहनगर पुलिस का निशाना भी अचूक रहा है। यानी हर बदमाश के पैर में ही गोली लगी है। घटना के बाद घायल बदमाश एसएसपी से हाथ जोड़कर माफी मांगता भी नजर आया है।इसकी वीडियो व फोटो वाकायदा पुलिस के द्वारा जारी किए जाते रहे हैं।
आरोपी निशान सिंह का आपराधिक इतिहास। गिरफ्तार आरोपी निशांत सिंह पुत्र गोपाल सिंह (उम्र-40 वर्ष, निवासी ग्राम सैजनी, थाना सितारगंज, ऊधमसिंहनगर) का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसका विवरण इस प्रकार है।
➡️ FIR NO-211/2017: धारा-364ए/506 भादवि (भारतीय दंड संहिता)
➡️ FIR NO-227/2017: धारा-25 ए आर्म्स एक्ट
➡️ FIR NO-397/2017: धारा-2/3 गैंगस्टर एक्ट
