आधी रात को एसएसपी अजय गणपति का कोतवाली नानकमत्ता में औचक निरीक्षण।संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की सघन चेकिंग व संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश।

रुद्रपुर(खबर धमाका)। देर रात्रि लगभग 12:00 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति द्वारा कोतवाली नानकमत्ता का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य रात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की सतर्कता, कार्यप्रणाली एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का स्थलीय परीक्षण करना रहा।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी द्वारा थाना परिसर, मालखाना, हवालात, अभिलेखों एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया। ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस कर्मियों की उपस्थिति, अनुशासन एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इसके उपरांत क्षेत्र में संचालित मध्यरात्रि चेकिंग एवं गश्त व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी महोदय द्वारा रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाए जाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित किए जाने तथा संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
दिए गए निर्देश
लंबित विवेचनाओं का गुणात्मक एवं समयबद्ध निस्तारण तथा जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
थाना स्तर पर अनुशासन, सतर्कता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।रात्रि गश्त एवं चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाए।
अंत में एसएसपी महोदय द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं मध्यरात्रि चेकिंग अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
