पंत विवि के तकनीकी इंजीनियर की मौत। सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ा मिला शव।
नरेन्द्र राठौर
रुद्रपुर।। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के फार्म निदेशालय में तकनीकी प्रबंधक इंजीनियर आरके सिंह का शव संदिग्ध हालत में उनके सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ा मिला। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हार्ट अटैक मान रही है। मूल रूप से देवरिया (यूपी), वर्तमान में अमेठी (यूपी) निवासी आरके सिंह (55) पुत्र सोमेश्वर सिंह छोटी मार्केट के पास सरकारी आवास संख्या 1311 में अकेले रहते थे। सोमवार सुबह आठ बजे घरेलू काम करने पहुंचे उनके सहायक मनोज ने डोरबेल बजाई मगर कोई जवाब नहीं मिला। हलका धक्का देने पर दरवाजा खुल गया। कमरे से अटैच बाथरूम में आरके सिंह को पड़ा देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस, सुरक्षा विभाग और फार्म के अधिकारी वहां पहुंच गए। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरके सिंह की मृत्यु करीब 24 घंटे पहले ही हो चुकी है। एसएचओ राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असल वजह का पता चलेगा। आरके सिंह ने जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी महाविद्यालय से 1985 में एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद यहीं से जॉब शुरू की थी। एक महीने पहले दिल का दौरा पड़ने पर लोगों ने आरके सिंह को विश्वविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया था। एक सप्ताह पहले फिर से दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें ठेकाकर्मी बिकेश ने हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बृहस्पतिवार को ही छुट्टी दी थी। 31 दिसंबर की रात सिल्वर जुबिली भवन में छात्रों की पार्टी के दौरान उन्हें लोगों ने आखिरी बार देखा था