रुद्रपुर पहुंचे राज्य आपदा प्रबंधन उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष विनय रुहेला आपदा प्रबंधन कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की

रुद्रपुर(खबर धमाका)- माननीय उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन उत्तराखण्ड विनय रुहेला अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर पहुँचे। कलेक्ट्रेट परिसर पहुँच कर सर्वप्रथम परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत लीची का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत माननीय उपाध्यक्ष ने जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के सभागार में जनपद में आपदा प्रबंधन कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की।

https://www.facebook.com/share/v/1G2LadqYBb/
https://www.facebook.com/share/v/19RT7iC9GH/
माननीय उपाध्यक्ष ने समीक्षा के दौरान कहा कि आपदा प्रबंधन की बैठक को सभी अधिकारी गंभीरता से लें व अधिकारी ध्यान रखें की किसी भी दशा में जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विभाग के संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें और अपनी कार्यकुशलता व क्षमताओं से अपने विभाग एवं जनपद को आगे बढ़ाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देश दिए कि जनपद को शीघ्र गड्डामुक्त करना सुनिश्चित करें, इसके लिए एक टीम गठित कर गड्डो को चिन्हित करा कर तत्काल कार्य प्रारम्भ करें।
श्री रुहेला ने जल निगम एवं जल संस्थान की समीक्षा करते हुए कहा कि पुरानी लाइनों को जांच कराये जो क्षतिग्रस्त हो गई है उन्हें तत्काल ठीक करा कर जल आपूर्ति की व्यवस्था सुचारु कराना सुनिश्चित कराये ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल निर्बाध रूप से मिलते रहे। उन्होंने कहा कि पेयजल के संयोजन में भुगतान को लेकर कई भ्रान्तियाँ आमजन में है, जिसके निराकरण के लिए योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें। क्षेत्रों में शिविर लगवाएँ ताकि विभाग की लाभकारियों योजनाएं जनता तक पहुँच सके।
माननीय उपाध्यक्ष ने वन विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभागीय वन अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जंगलों में आग की घटना न हो इसके लिए ठोस योजना बना कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जंगल में सर्वें कराएं कि जल निकासी का रास्ता किसी कारण से बाधित न हो और जलभराव की स्थिति न बने।
श्री रुहेला ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी निर्देशित किया कि आपदा के दृष्टिगत जनपद के सभी राजकीय चिकित्सालयों में साँप कांटे की दवा अनिवार्य रूप से रखें एवं अन्य जहरीले जीव जन्तुओं के बारे में प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर करें, ताकि आम जन में भय का माहौल न बने। उन्होंने कहा कि अस्पताल एवं उसके आस पास साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि अस्पतालों से जो दवा लिखी जाये वे किसी एक मेडिकल स्टोर पर नहीं बल्कि पुरे बाजार में आसानी से उपलब्ध हो सके और स्वयं क्षेत्र में भ्रमण करें।
माननीय उपाध्यक्ष ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को निर्देश दिए कि क्षेत्र में सर्वें कराये कि कहीं सार्वजनिक स्थलों पर करंट के कारण कोई जनहानि न हो। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में कहीं कोई ट्रांसफार्मर खराब हो या किसी भी प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त हो तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाये। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की सराहना की और कहा कि टीम भावना एवं समन्वय के साथ किए गए प्रयासों से जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है। श्री रुहेला ने कहा कि आपदा के समय जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनपद आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक आदर्श प्रस्तुत करेगा।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया की जनपद को गड्डा मुक्त करने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मटकोटा एवं नगला मार्ग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि रुद्रपुर बाईपास का कार्य बहुत जल्द पूर्ण होने वाला है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जाना है जिसका कार्य गतिमान है। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में कराये जा रहे आपदा प्रबंधन कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में महापौर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, अमित नारंग, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, सीएमओ डॉ0 केके अग्रवाल, एसपी आरडी मठपाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ0 अभय प्रताप सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, मुख्य उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत राजीव चक्रवर्ती, जल निगम सुनील जोशी, सिंचाई बीएस डांगी, आरडब्लूडी अमित भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
———————————————–
