ऐसा क्या हुआ कि विकास कुकरेजा ने X पर मांगा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात का समय?
रुद्रपुर(खबर धमाका)। भाजपा के पूर्व जिला सोशल मीडिया प्रभारी विकास कुकरेजा की एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों राजनीतिक चर्चा का विषय बनती नजर आ रही है। कुकरेजा ने X (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात का समय देने की अपील की है।

कुकरेजा ने अपनी पोस्ट में संगठन से जुड़े कुछ विचारों, सुझावों और जमीनी अनुभवों को राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने मुलाकात को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिले।
खास बात यह है कि 10 सितंबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी का रुद्रपुर दौरा प्रस्तावित है, जहां पंजाबी गौरव/सिख सम्मेलन में उनके शामिल होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में कुकरेजा द्वारा सार्वजनिक रूप से मुलाकात का समय मांगने को लेकर भाजपा के स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब सवाल यह है कि विकास कुकरेजा राष्ट्रीय अध्यक्ष से आखिर क्या बात रखना चाहते हैं? क्या यह संगठन से जुड़े सुझाव हैं, जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज है या फिर संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका को लेकर कोई संदेश?
फिलहाल कुकरेजा की पोस्ट ने इतना जरूर संकेत दे दिया है कि 10 सितंबर का रुद्रपुर दौरा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कई कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने का अवसर भी बन सकता है।
