रुद्रपुर में कांग्रेसियों ने फूंका भाजपा के संगठन मंत्री का पुतला। बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड में शामिल होने का आरोप। कांग्रेसी बोले भाजपा का चरित्र आया सामने

नरेन्द्र राठौर। रुद्रपुर (खबर धमाका)। प्रदेश के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार का नाम सामने आने पर कांग्रेसियों ने यहां डीडी चौक पर भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी के बीच भाजपा नेता अजय कुमार का पुतला फूंका।

इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस तरह अजय कुमार भाजपा संगठन मंत्री का नाम सामने आ रहा है जिसका जिक्र अंकिता के पिता ने पुलिस को लिख कर दिया है, लेकिन भाजपा सरकार अजय कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। कहा कि भाजपा का बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा खोखला साबित हो रहा है।

भाजपा के नेता ही बहन बेटियों की इज्जत से खेल रहे हैं। अंकिता हत्याकाण्ड के असली दोषियों को बेनकाब करने के बजाय मामले को दबाने और हत्याकाण्ड की पैरवी करने वालों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही हैं। भाजपा एक तरफ महिला सशक्तिकरण के दावे करती है तो दूसरी और मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का मण्डल अध्यक्ष नाबालिग से दुराचार करता है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा मातृ शक्ति से वोट मांगने का अधिकार खो चुकी है। इस दौरान तमाम कांग्रेसी मौजूद थे।
