उत्तराखंड

रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा,स्कूटी सवार को टैंकर ने रौंदा,मौत।हादसे के बाद शव को 50 मीटर तक घसीटता ले गया टैंकर।

नरेन्द्र राठौर 

रुद्रपुर(खबर धमाका)। सिडकुल क्षेत्र में स्कूटी पर सवार श्रमिक को ब्रिटानिया चौक पर सामने से तेज गति से आ रहे टैंकर चालक ने टक्कर मार कर रौंद दिया। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची सिडकुल चौकी पुलिस कर्मियों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों के साथ ही कई लोग चिकित्सालय आ गये। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार इन्द्रा कालोनी गली नम्बर 3 निवासी करीब 50 वर्षीय जगदीश गाबड़ी पुत्र हंसराज सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करते थे। बताया जाता है कि रोज की तरह जगदीश बुधवार को भी प्रातः करीब 6ः30 बजे स्कूटी पर सवार होकर घर से फैक्ट्री के लिए रवाना हुए। अभी वह ब्रिटानिया चौक के पास ही पहुंचे थे कि सामने की ओर से तेज गति से आ रहे मिक्चर केंटर वाहन संख्या यूके 06 सीबी 3630 के अज्ञात चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जगदीश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पडे। वाहन चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके से गुजर रहे एसडीएम मनीष बिष्ट भी वहां आ गये। मामले की जानकारी मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिसकर्मी मौके पर पहंुच गये और उन्होंने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर गंभीर रूप से घायल जगदीश गावड़ी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रीठा, 19 वर्षीय पुत्र कृष व 17 वर्षीय लविश को रोता बिलखता छोड़ गये।

टैंकर पर लगीं थी तीन नम्बर प्लेटें

रूद्रपुर । बुधवार को प्रातः ब्रिटानिया चौक पर जिस टेंकर की टक्कर से स्कूटी सवार सिडकुल कर्मी की मौत हुई थी उस टेंकर पर तीन नम्बर प्लेट लगा होना सामने आया है। इसकी वास्तविकता तब उजागर हुई जब घटना के बाद मीडिया कर्मी घटनास्थल व टेंकर की वीडियो ग्राफी कर रहे थे तभी उनकी नजर टेंकर में लगी नम्बर प्लेट की ओर गई, देखा गया कि टैंकर के आगे की ओर लगी नम्बर प्लेट में ऊपर की प्लेट पर यूके06सीबी-3630 लिखा था जबकि उसके नीचे लगाई गई नम्बर प्लेट में एचआर38आर-7777 लिखा गया था। इतना ही नही इस नम्बर प्लेट के नीचे भी एक ओर नम्बर प्लेट लगी हुई थी। यह मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और पुलिस टैंकर के नम्बरों की वास्तविकता जुटाने में लगी हुई है।