नशे में किशोर ने उठाया पाटल,मां को किया घायल,बीच -बचाव में आई चाची को उतारा मौत के घाट
रुद्रपुर(खबर धमाका)। ऊधमसिंहनगर के जसपुर में नशे में धुत एक किशोर ने अपनी चाची पर पाटल से हमला कर दिया। उपचार के दौरान चाची की मौत हो गई। आरोपी नाबालिग घटना के बाद से गायब है।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को देर रात ग्राम मेघावाला में सैंकी (16) पुत्र तेजपाल सिंह का परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। इसमें उसने पाटल से हमला कर अपनी मां रेखा देवी (45) को घायल कर दिया। चीखपुकार सुनकर युवक की चाची सुनीता देवी (35) ने बीचबचाव किया तो सैंकी ने उसकी गर्दन पर भी पाटल से हमला कर दिया।
यह देख कर वहां भीड़ जमा हो गई। इस बीच किशोर ने वहां मौजूद अपने चचेरे भाई हर्षित (16) को भी घायल कर दिया। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईएमओ ने सुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला परिवार के विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी घटना के बाद से गायब है। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी युवक नशे में था। पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच की जा रही है।