विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकालीन 06 माह के लिए विधिवत बंद

नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। अन्नकूट के पावन पर्व पर आज दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को पूर्वाह्न 11:36 बजे अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधानपूर्वक माँ गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल हेतु बंद कर दिए गए। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन एवं एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं आपात सहायता में पूर्ण तत्परता के साथ तैनात रहीं। माँ गंगा की डोली आर्मी बैंड, ढोल-दमाऊ की गूंज और जय माँ गंगे के जयघोषों के बीच गंगोत्री से मुखबा गाँव के लिए रवाना हुई।


चारधाम यात्रा-2025 के दौरान एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीमें गंगोत्री धाम सहित सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर तैनात रहकर कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी श्रद्धालुओं की सुगम व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करती रहीं। आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ टीमों द्वारा तीर्थयात्रियों को सुरक्षा एवं सावधानी संबंधी परामर्श भी दिए गए।
एसडीआरएफ उत्तराखंड एवं उत्तराखण्ड पुलिस सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सहज और श्रद्धामयी यात्रा हेतु सदैव प्रतिबद्ध हैं।अगले वर्ष गंगोत्री धाम यात्रा–2026 में पुनः माँ गंगा के पावन दर्शन हेतु सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन रहेगा।
