पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में 100 MBBS सीटों के साथ शैक्षणिक सत्र 2027-28 से संचालन का मार्ग प्रशस्त होना उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि,लंबे संघर्ष और निरंतर प्रयासों के बाद मिली सफलता, सांसद अजय भट्ट
रुद्रपुर(खबर धमाका)। नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत रुद्रपुर स्थित पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 100 MBBS सीटों के साथ संचालन का मार्ग प्रशस्त होने पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद श्री अजय भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे पी नड्डा जी तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया है।
सांसद श्री अजय भट्ट ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मेडिकल कॉलेज को शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। केंद्र सरकार द्वारा अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। यह परियोजना 90:10 के वित्तीय अनुपात पर आधारित है, जिसमें शेष राज्यांश उत्तराखंड सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज में 100 MBBS सीटों का उपलब्ध होना प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उत्तराखंड के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
श्री भट्ट ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से निरंतर संपर्क बनाए रखा, पत्राचार किया और व्यक्तिगत रूप से वार्ता भी की। साथ ही, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भी पत्र भेजकर मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से प्रारंभ कराने का अनुरोध किया था।
उन्होंने कहा कि कुछ तकनीकी कारणों से इसे वर्तमान सत्र में प्रारंभ करना संभव नहीं हो पाया, लेकिन अगले शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए इसी वर्ष आवश्यक निर्देश जारी होना संतोषजनक है। इससे मेडिकल कॉलेज में 100 MBBS सीटों के साथ शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ करने की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
सांसद श्री भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में पहले से ही विभिन्न स्थानों पर सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज की सुविधा मिलने के बाद रुद्रपुर में 100 MBBS सीटों के साथ इस संस्थान का संचालन प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा।
अंत में श्री भट्ट ने कहा कि वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे पी नड्डा जी तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए प्रसन्नता का विषय है और इससे कुमाऊं क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई भी दी।

