Latest:
उत्तराखंड

काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण और त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक 8 लेन सड़क चौड़ीकरण को लेकर विधायक शिव अरोरा की समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध तय सीमा मे कार्य पूरा करने के निर्देश।दीपावली से पहले त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चौड़ीकरण कार्य पूरा करने का निर्देश।

रुद्रपुर(खबर धमाका)। रुद्रपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को गति देने के लिए विधायक शिव अरोरा ने कलेक्ट्रेट परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण तथा त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 8 लेन सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक ने दोनों परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर की बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए इन सड़कों का चौड़ीकरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने जल संस्थान, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण से संबंधित पेड़ों के कटान और विद्युत संबधित कार्य,अन्य विभागीय कार्य दीपावली से पहले पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।

दीपावली के तुरंत बाद शुरू होगा काशीपुर बाईपास का सड़क चौड़ीकरण कार्य

बैठक में डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य को लेकर विधायक ने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और त्योहारी सीजन की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य शुरू करने का समय दीपावली के ठीक बाद निर्धारित किया गया है।

विधायक ने कहा कि व्यापारियों और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, लेकिन इसके नाम पर परियोजना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे निर्माण कार्य व्यवस्थित ढंग से और तेजी के साथ पूरा हो सके।

त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 8 लेन सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान विधायक शिव अरोरा ने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य को पूरा करना सुनिश्चित करे।

विधायक ने कहा कि इस मार्ग का चौड़ीकरण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे में निर्माण कार्य की गति बढ़ाना और विभागीय जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

डीडी चौक से 31 पीएसी तक कार्य में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में दूसरे चरण मे होने वाले डीडी चौक से 31 पीएसी तक सड़क चौड़ीकरण के अंतर्गत होने वाले निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। विधायक ने बताया कि इस हिस्से में पेड़ों के कटान और जल संस्थान से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि दीपावली के बाद निर्माण कार्य में तेजी से आरम्भ हो तथा डीडी चौक से आगे के हिस्से में भी कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।

बैठक में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि आगे के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए तीन माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। विधायक ने निर्देश दिए कि इस अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों को गति दी जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ काम किया जाए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता को उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की सुविधा, व्यापारियों के हित और शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किए बिना समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

इस दौरान एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग प्रथम राजीव चक्रवर्ती, अधिशासी अभियंता द्वितीय किशोर पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान बदरे आलम आदि मौजूद रहे