Latest:
उधमसिंह नगर

बड़ी खबर, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का पति गिरधारीलाल साहू उर्फ पप्पू बरेली से गिरफ्तार

देहरादून(खबर धमाका)। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की ओर से लगाए गए मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी समेत कई गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। पुलिस के अनुसार, जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल को तीन बार नोटिस भेजे गए, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल किया। वहीं, उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी न्यायालय से खारिज हो चुकी थी।

गौरतलब है कि बीती 15 अक्टूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में उन्होंने पति पर मारपीट, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए थे।

मंत्री ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल ने पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया गया। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।

मुकदमा दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने फेसबुक पर एक वीडियो और पति से जुड़ा कथित ऑडियो भी साझा किया था। उन्होंने कहा था कि ऑडियो सुनने के बाद ही उन्हें पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लेना पड़ा। मंत्री के मुताबिक, उन्होंने यह कदम अपने और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

अब गिरधारी लाल की गिरफ्तारी के बाद इस हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और पूछताछ पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Advertisement