गुड मंडी में एक माह से पाइपलाइन लीक, सड़क पर गंदा पानी और घरों में पहुंच रहा दूषित पानी, बीमारी फैलने का खतरा।व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने जल संस्थान के जेई सौरभ भट्ट से की वार्ता, दो-तीन दिन में समस्या का समाधान न होने पर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी।
रुद्रपुर(खबर धमाका)। मुख्य बाजार स्थित गुड़ मंडी में पिछले करीब एक माह से पानी की पाइपलाइन लीक होने के कारण स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में तब्दील हो गई है। वहीं, दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंचने की शिकायत सामने आ रही है, जिससे क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
पाइपलाइन लीकेज के चलते गुड़ मंडी क्षेत्र के दर्जनों व्यापारियों की दुकानों में गंदा पानी और कीचड़ पहुंच रहा है। वहीं, इस मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं सब्जी खरीदने आती हैं। सड़क पर फैले पानी और कीचड़ के कारण महिलाओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई महिलाएं फिसलकर चोटिल भी हो रही हैं तथा उनके कपड़े भी गंदे हो रहे हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने आज जल संस्थान के जेई सौरभ भट्ट से टेलीफोन पर वार्ता कर गुड़ मंडी की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई। जुनेजा ने कहा कि पिछले एक महीने से पाइपलाइन लीक होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। इससे आसपास के दुकानदारों को आर्थिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में आने वाली महिलाओं और अन्य लोगों को भी भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
संजय जुनेजा ने जल संस्थान के जेई को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दो-तीन दिनों के भीतर पाइपलाइन को ठीक कर सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापार मंडल के व्यापारी जल संस्थान के कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने विभाग से मांग की कि जनहित और व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को दूषित पानी और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।


