Latest:
उधमसिंह नगर

शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित हुए प्रधानाचार्य राजकुमार चौधरी, राजकीय विद्यालयों की सफलता की बने मिसाल।राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने शिक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों में भी बनाई अलग पहचान,गरीब छात्राओं की पढ़ाई और फीस का उठाते हैं जिम्मा

रुद्रपुर(खबर धमाका)। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, मेहनत और बेहतर नेतृत्व का उदाहरण पेश करने वाले पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला के प्रधानाचार्य एवं प्रवक्ता भूगोल राजकुमार चौधरी को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षाफल देने के लिए शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी देवेश शाशनी ने उन्हें सम्मानित किया।

राजकुमार चौधरी न केवल विद्यालय के प्रधानाचार्य का दायित्व निभा रहे हैं, बल्कि प्रवक्ता भूगोल के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। दोहरी जिम्मेदारी के बावजूद उन्होंने अपने विषय में विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम दिलाकर अपनी कार्यक्षमता और शिक्षा के प्रति समर्पण साबित किया है। उनके मार्गदर्शन में 75 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने विशेष योग्यता के साथ परीक्षा में सफलता हासिल की। उनके प्रयासों ने यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और समर्पित शिक्षकों के सहयोग से राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी उत्कृष्ट परिणाम दे सकते हैं।

राजकीय शिक्षक संघ में भी बनाई अलग पहचान

राजकुमार चौधरी राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। शिक्षक हितों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बावजूद उनका पूरा ध्यान विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर रहता है। उनके नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से विद्यालय विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। विद्यालय के परीक्षा परिणाम में लगातार सुधार और शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

गरीब छात्राओं की शिक्षा के लिए भी बढ़ाते हैं हाथ

राजकुमार चौधरी का व्यक्तित्व केवल एक शिक्षक और प्रधानाचार्य तक सीमित नहीं है। वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं की शिक्षा को लेकर भी विशेष संवेदनशीलता रखते हैं। जरूरतमंद छात्राओं की फीस जमा कराने से लेकर उनकी पढ़ाई में आने वाली आर्थिक बाधाओं को दूर करने तक वह तन, मन और धन से सहयोग करते हैं। बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए वह अपना पूरा समय और ऊर्जा समर्पित करते हैं। उनका मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए।

उनकी कार्यशैली इस बात का उदाहरण है कि एक शिक्षक यदि ठान ले तो वह केवल पाठ्यक्रम ही नहीं पढ़ाता, बल्कि विद्यार्थियों का भविष्य भी संवार सकता है। राजकुमार चौधरी ने शिक्षक संगठन में अपनी पहचान बनाने के साथ ही विद्यालय के परीक्षा परिणाम और विकास को भी नई दिशा दी है।

सम्मान समारोह में मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्करलाल टम्टा तथा जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। राजकुमार चौधरी को शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार मिलने पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

बॉक्स

राजकुमार चौधरी : संगठन से लेकर शिक्षा के मंदिर तक उत्कृष्टता की पहचान

एक शिक्षक, अनेक जिम्मेदारियां और समाज के प्रति समर्पण। राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने यह साबित किया है कि संगठनात्मक दायित्व निभाने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। गरीब छात्राओं की फीस भरना, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग करना और विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए लगातार प्रेरित करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है। उनके नेतृत्व में पी.एम. श्री राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला शैक्षिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम के मामले में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनका सम्मान केवल एक शिक्षक का सम्मान नहीं, बल्कि समर्पित शिक्षा सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का सम्मान है।

Advertisement