Latest:
उत्तराखंडउधमसिंह नगर

संविधान दिवस पर भाजपा कार्यालय में बाबा साहब को किया नमन।महापौर बोले- संविधान ने प्रत्येक नागरिक को दिए समानता और न्याय के अधिकार, महामंत्री ने सामाजिक समरसता पर दिया जोर

रुद्रपुर(खबर धमाका)‌। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज को शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करना और संविधान के मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का सम्मान उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने से ही सार्थक होगा। इस दौरान सामाजिक समरसता को मजबूत करने और संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने का संकल्प भी लिया गया।

इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला,जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, योगेश वर्मा,मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, काशीपुर सह प्रभारी भारत भूषण चुग, मोर सिंग, के के त्रिपाठी, रचित सिंह,अभिषेक तिवारी, स्वाति शर्मा,पिंकी चतुर्वेदी, प्रीति सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement