श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा का महापौर ने किया स्वागत
रुद्रपुर(खबर धमाका)। भगवान श्रीकृष्ण जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण पंच मंदिर से श्री सनातन धर्म सभा द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा का नगर निगम मंच पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम परिवार, समस्त पार्षदगण, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने शोभायात्रा में शामिल भगवान श्रीकृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सभी झांकियों का पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल श्री सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं प्रमुख श्रद्धालुओं को शॉल एवं पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
महापौर ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, सत्य, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रुद्रपुर की धरती पर इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से हमारी सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है।
उन्होंने नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और नगर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।
