रुद्रपुर में फर्जी पत्रकारिता का नया मामला उजागर—फ्लेक्सी बोर्डों और राजनीतिक चेहरों की आड़ में तथाकथित पत्रकार द्वारा अवैध वसूली की चर्चाएँ शहर में गरम

रुद्रपुर(खबर धमाका)। शहर में स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक युवक पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप फिर उभरकर सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त तथाकथित पत्रकार ने हाल ही में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान “पत्रकारों के नाम” पर मोटी रकम वसूल की, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों के अनुसार, युवक बीते कुछ समय से विभिन्न राजनीतिक व्यक्तियों और संगठनों के नाम का इस्तेमाल कर क्षेत्र में सक्रिय है। वर्तमान में नगर के महापौर एवं एक युवा नेता के नाम से लग रहे फ्लेक्सी बोर्डों के बहाने भी उसकी गतिविधियाँ चर्चा में हैं। यह दावा किया जा रहा है कि वह राजनीतिक पहचान और पत्रकारिता का ढाल बनाकर लोगों पर दबाव बनाता है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नाम से अवैध वसूली करने के आरोप इसी युवक पर लग चुके हैं। उस समय भी उसकी भूमिका को लेकर व्यापारिक व सामाजिक संगठनों में रोष उत्पन्न हुआ था।
सूत्र बताते हैं कि हालिया कार्यक्रम में आयोजकों को यह विश्वास दिलाया गया कि प्रेस कवरेज और मीडिया सहयोग के नाम पर एक बड़ी राशि पत्रकारों तक पहुंचाई जाएगी, लेकिन बाद में पता चला कि रकम सीधे उसी तथाकथित पत्रकार ने अपने पास रख ली।
शहर के कई वरिष्ठ पत्रकारों ने भी इस तरह की गतिविधियों पर नाराज़गी जताते हुए कहा है कि ऐसे लोग पत्रकारिता की छवि खराब कर रहे हैं और प्रशासन को इन मामलों पर संज्ञान लेना चाहिए।
फिलहाल मामले ने रुद्रपुर में नई बहस छेड़ दी है—क्या पत्रकारिता के नाम पर चल रही इस कथित वसूली पर कोई ठोस कार्रवाई होगी, या एक बार फिर मामला चर्चा में रहकर ठंडा पड़ जाएगा।
