*जनजातीय संस्कृति,परंपरा और गौरव का उत्सव बना उत्तराखंड आदि रंगोत्सव खटीमा में बिखरे संस्कृति के रंग, जनजातीय समाज के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश।* *उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में दिखी उत्तराखंड की समृद्ध जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता।* *पारंपरिक रंग में रंगे मुख्यमंत्री, कलाकारों संग थिरके और खुद बजाया ढोल।*
खटीमा/ऊधमसिंहनगर (खबर धमाका)।खटीमा में आयोजित तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री ने केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम को पौधा एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं मुख्यमंत्री ने ‘हनुमान’ अंश फिल्म के कलाकारों को मंच पर फिल्म के लिए शुभकामनाएं देते हुए पौधा, हनुमान जी की गदा एवं नीम करौली बाबा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सम्बोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर लोगों के बीच उपस्थित होना उनके लिए गौरव का क्षण है। यह रंगोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति एवं जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक पर्व है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री का आवासीय एकलव्य विद्यालयों के लिए सहयोग तथा खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण के लिए 10 करोड़ की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू एवं जुएल ओराम से पिथौरागढ़ क्षेत्र में एक आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित किए जाने का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुएल ओराम निरंतर 36 वर्षों से जनजातीय समाज के हितों एवं कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश के जनजातीय क्षेत्रों में आदिवासी समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि आज रोड शो के दौरान खटीमा में उन्हें हर प्रकार की विविधता और सांस्कृतिक रंग देखने को मिले। खटीमा अपने आप में एक मिनी इंडिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आधारभूत सुविधाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अटल आवास योजना में आय सीमा को व्यावहारिक बनाया है तथा घर निर्माण की लागत में भी बढ़ोतरी की है,ताकि अधिक से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिल सके। ऊधम सिंह नगर जनपद में इस योजना के अंतर्गत 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत इस वर्ष घर पाने के लिए प्राप्त आवेदनों में लगभग 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय समाज के परिवारों के हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 824 तथा द्वितीय चरण में 101 आवासों का निर्माण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य सरकार जनजातीय समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आश्रम पद्धति विद्यालयों, छात्रावासों एवं आईटीआई संस्थानों के विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास बनाया जा रहा है। 16 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए भी 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। थारू राजकीय इंटर कॉलेज का सौंदर्यीकरण एवं आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया गांव निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा एवं चारूबेटा की बेटी टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों ने अपनी उपलब्धि से न केवल थारू समाज, बल्कि पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय समाज को रोजगार एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। जनजातीय समाज द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने तथा उनके विपणन को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही रिवॉल्विंग फंड एवं निवेश सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए संतोष है कि मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2020 से 2025 तक 10 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाएं धरातल पर उतारी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य करती है। सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को बीच में नहीं छोड़ा जाता और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर निरंतर ध्यान दिया जाता है।
उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में राजस्थान, मध्यप्रदेश,हरियाणा,उत्तराखंड,अरुणाचल प्रदेश,छतीसगढ़,महाराष्ट्र,उड़ीसा,पश्चिमी बंगाल,झारखंड,मिजोरम उतर प्रदेश आदि राज्यों से आए जनजाति कलाकारों ने अपनी संस्कृति की प्रस्तुतियां दी।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाए दी। सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड आदि रंगोत्सव में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा,कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत,सुबोध उनियाल,प्रदीप बत्रा,खजान दास,राम सिंह केड़ा,भरत सिंह चौधरी,अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार,विधायक सरिता आर्या,दर्जा राज्य मंत्री गीता राम गौड़,रणजीत सिंह नामधारी, विनय रुहेला,मोहनी पोखरिया, गम्भीर सिंह धामी,फरजाना बेगम, किसन सिंह किन्ना,उत्तम दत्ता, लीलावती राणा, ब्लाक प्रमुख सरिता राणा,नगर पालिका अध्यक्ष रमेशचंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिन्दल,सहित डीएम नितिन सिंह भदौरिया,एसएसपी अजय गणपति एवं अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

