Latest:
उधमसिंह नगर

सेवा ज्योति यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा।कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बैठक में दिए दिशा-निर्देश, अटल पार्क का किया निरीक्षण

रुद्रपुर(खबर धमाका)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करते हुए यात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने अटल पार्क का निरीक्षण किया, जहां सेवा ज्योति यात्रा का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होना है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा जिला अध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा को अपना दायित्व मानकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यात्रा की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम जिला संयोजक एवं रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा ने तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से सेवा ज्योति यात्रा को भव्य और सफल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।

बैठक में यात्रा की तैयारियों को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, आयोजन स्थल, कार्यकर्ता सहभागिता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला प्रभारी अखिलेश चौधरी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, कार्यक्रम सह संयोजक विजय तोमर, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला महामंत्री रमेश जोशी, अमित सिंह, हिमांशु बिष्ट, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, सुरेश कोहली, रामपाल, मोहिनी पोखरियाल, सुरेंद्र नामधारी, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, धीरेन्द्र मिश्रा, रोशन अरोरा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, भारत भूषण चुग, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह, नवजोत, रचित, के के त्रिपाठी,अनिल चौहान एवं उपेंद्र चौधरी, अनुज शर्मा, पार्षद गढ़सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।