रुद्रपुर में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के केंद्रीय प्रसंस्करण केन्द्र (सीपीसी), का हुआ उद्घाटन। अध्यक्ष श्री पटनायक ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ
रुद्रपुर(खबर धमाका)।उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के केंद्रीय प्रसंस्करण केन्द्र (सीपीसी), रुद्रपुर का मंगलवार प्रातः 10:30 बजे पी-2ए, वार्ड संख्या-38, दशमेश नगर द्वार, आवास विकास, रुद्रपुर में विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में बैंक के अध्यक्ष हरि हर पटनायक, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कमल वर्मा, सीपीसी प्रमुख श्री दीपक कोहली तथा अन्य स्टाफ एवं बैंक के ग्राहक उपस्थित रहे।
अध्यक्ष श्री पटनायक ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन, उद्घाटन पट्टिका का अनावरण और केक कटिंग हुई। सीपीसी प्रमुख ने केंद्र की भूमिका की जानकारी दी तथा अतिथियों, स्टाफ सदस्यों, क्षेत्रीय प्रबंधक एवं अध्यक्ष ने सभा को संबोधित किया।
अध्यक्ष हरि हर पटनायक ने कहा, “इस केंद्र से ऋण आवेदनों का निपटान शीघ्र एवं पारदर्शी ढंग से होगा, जिससे किसानों, व्यवसायियों, विद्यार्थियों और आम ग्राहकों को सीधा लाभ मिलेगा।”
क्षेत्रीय प्रबंधक कमल वर्मा ने कहा, “यह केंद्र शाखाओं पर कार्यभार कम करेगा और ग्राहकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने में सहायक होगा।”
सीपीसी रुद्रपुर खुदरा, कृषि, एमएसएमई तथा प्राथमिकता क्षेत्र के ऋणों का मूल्यांकन एवं स्वीकृति करेगा, जिससे क्षेत्रीय जनता को त्वरित ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया जा सकेगा।

