दिनेशपुर में नाबालिग का यौन शोषण करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोपित गिरफ्तार
रुद्रपुर(खबर धमाका)। दिनेशपुर की नाबालिग को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बाजपुर के महोली जंगल निवासी सरजीत सिंह उसकी 17 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर लंबे समय से यौन शोषण कर रहा था। आरोप है कि युवक उसे आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। उपनिरीक्षक नेहा राणा, हेड कांस्टेबल कृपाल सिंह और महेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

