ऊधमसिंहनगर की कमान संभालते ही एक्शन में आए एसएसपी मणिकांत,आधीरात को राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ बैठक।अपराध और अपराधियों के साथ ही संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। एक फिर ऊधमसिंहनगर में कप्तान बनकर लौटे आईपीएस मणिकांत मिश्रा चार्ज संभालते ही एक्शन में नजर आ रहे हैं। चार्ज संभालते ही उन्होंने आधीरात को राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ अहम बैठक करके कानून व्यवस्था बिगड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, उन्होंने पुलिस को अनुशासन में रहने के साथ महिला सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों पर भी फोकस करने के निर्देश दिए।
गुरुवार को आईपीएस मणिकांत मिश्रा ने ऊधमसिंहनगर में बतौर एसएसपी चार्ज ग्राहण किया,इसके बाद उन्होंने देर-रात करीब 12:30 बजे सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ की बैठक।
देर रात्रि 12:30 बजे पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान एसएसपी महोदय द्वारा जनपद में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं 24 घंटे मॉनिटरिंग*
एसएसपी ने जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाने तथा स्थापित कैमरों की 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी व्यवस्था को अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों की पहचान में प्रभावी रूप से उपयोग करने पर जोर दिया गया।
*पुलिस प्रेजेंस एवं भौतिक उपस्थिति*
पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु सभी थाना/चौकी प्रभारियों को पुलिस प्रेजेंस दर्ज करने तथा पुलिस की भौतिक उपस्थिति को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की मौजूदगी आमजन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करने एवं अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने वाली होनी चाहिए।
*संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्यवाही*
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले में तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
*पीड़ितों एवं फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण*
थाना/चौकी पर आने वाले पीड़ितों एवं फरियादियों की समस्याओं को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं ध्यानपूर्वक सुनने के निर्देश दिए गए। उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
*महिला एवं बाल अपराध, गुमशुदगी एवं बरामदगी*
महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुमशुदगी के मामलों में तत्काल कार्यवाही करते हुए गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश एवं बरामदगी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
*वर्दी एवं अनुशासन*
एसएसपी ने सभी को निर्धारित वर्दी धारण करने तथा पुलिस विभाग की अनुशासनात्मक गरिमा एवं कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
*अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही*
जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सभी थाना/चौकी प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
*एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में बेहतर पुलिसिंग, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।*


