आर्य समाज मंदिर गली स्थित श्रृंगार बुटीक के बेसमेंट में लगी आग, बड़ा हादसा टला
रूद्रपुर(खबर धमाका)। शहर के भगत सिंह चौक के पास आर्य समाज मंदिर वाली गली में स्थित श्रृंगार बुटीक के बेसमेंट में सोमवार रात लगभग 11:45 बजे अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को संपर्क किया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
बताया जा रहा है कि यह बुटीक शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी डॉक्टर संदीप डोगरा जी की धर्मपत्नी श्रीमती शैलजा डोगरा द्वारा संचालित किया जाता है। आग लगने से बेसमेंट में काफी नुकसान हुआ है, हालांकि समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग का समय पर पता नहीं चलता, तो पूरा शोरूम जलकर राख हो सकता था।
घटना के दौरान मौके पर शहर के समाजसेवी संजय ठुकराल भी मौजूद रहे और राहत कार्यों में सहयोग किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समय पर कार्रवाई से एक बड़ा नुकसान होने से बच गया।
