भाई दूज पर बहनों के आशीर्वाद से अभिभूत हुए प्रमोद मित्तल, रुद्रपुर में बहनों ने प्रमोद मित्तल को विधानसभा चुनाव 2027 के लिए दिया आशीर्वाद
रुद्रपुर(खबर धमाका)। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह और आत्मीयता के प्रतीक पावन पर्व भाई दूज पर भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल के आवास पर भावनाओं और अपनत्व का विशेष माहौल देखने को मिला। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में बहनों ने उनके आवास पर पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाज से तिलक किया, मिठाई खिलाई और उन्हें अपना स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान किया। बहनों का यह प्रेम और आत्मीयता केवल पर्व की औपचारिकता नहीं, बल्कि एक भाई के प्रति उनके विश्वास, अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक नजर आया।
इस अवसर पर बहनों ने प्रमोद मित्तल एडवोकेट और उनकी धर्मपत्नी दीपिका मित्तल एडवोकेट के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। सबसे खास बात यह रही कि बहनों ने उन्हें आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का टिकट मिलने और चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने का आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। बहनों ने पूरे विश्वास और उत्साह के साथ कहा कि वे चाहती हैं कि प्रमोद मित्तल को पार्टी का आशीर्वाद मिले और वे विधानसभा पहुंचकर क्षेत्र की जनता की सेवा करें।
बहनों द्वारा दिए गए इस विशेष आशीर्वाद ने कार्यक्रम को और भी भावुक एवं यादगार बना दिया। किसी ने भाई के माथे पर तिलक लगाकर विजय का आशीर्वाद दिया तो किसी ने मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बहनों का कहना था कि भाई दूज पर भाई को दिया गया आशीर्वाद उनके जीवन में सुख, सफलता और तरक्की लेकर आए। वहीं 2027 के चुनाव को लेकर बहनों की शुभकामनाओं ने प्रमोद मित्तल के राजनीतिक भविष्य के प्रति उनके विश्वास को भी दर्शाया।
इस दौरान प्रमोद मित्तल भावुक नजर आए। उन्होंने सभी बहनों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज उन्हें जो स्नेह, सम्मान और आशीर्वाद मिला है, वह उनके लिए किसी भी पद और सम्मान से कहीं अधिक मूल्यवान है। बहनों का यह प्रेम उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। एक भाई के लिए इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है कि उसकी बहनें उसके माथे पर तिलक लगाकर उसके अच्छे भविष्य की कामना करें और हर कदम पर उसके साथ खड़े रहने का विश्वास दें।
उन्होंने कहा कि बहनों का यह आशीर्वाद उनके लिए केवल शुभकामनाएं नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे इस विश्वास और स्नेह को सदैव बनाए रखने का प्रयास करेंगे। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक माता और बहन का सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान उनके लिए सर्वोपरि रहेगा। वे हमेशा एक भाई की तरह बहनों के सुख-दुख में सहभागी बनने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे।
प्रमोद मित्तल ने आगे कहा कि राजनीति में पद और प्रतिष्ठा से बढ़कर जनता का प्यार और विश्वास होता है। बहनों ने जिस आत्मीयता के साथ उन्हें आशीर्वाद दिया है, उससे उन्हें समाज की सेवा करने की नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। 2027 को लेकर बहनों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं और शुभकामनाओं के लिए वे उनके हृदय से आभारी हैं। पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
भाई दूज के इस पावन अवसर पर बहनों का उमड़ा स्नेह, माथे पर सजा तिलक और 2027 में विजय का आशीर्वाद प्रमोद मित्तल के लिए एक अविस्मरणीय पल बन गया। बहनों के इस विश्वास और आशीर्वाद ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खूबसूरती के साथ-साथ जनसेवा के प्रति उनके संकल्प को भी और मजबूत किया।
प्रमोद मित्तल ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्त माताओं और बहनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों का यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सदैव सर्वोपरि रहेगा ।
इस दौरान कार्यक्रम में कुशल अग्रवाल, मनीष मित्तल, डॉक्टर धीरू त्रिपाठी, पंडित देव मैनन, शिवांश अग्रवाल, ललित गोयल, पंडित राधेश्याम शर्मा, संजय गुप्ता, दिव्यांशी, पुनीत सिंहल, पूजा मित्तल, मनीषा सिंघल, प्रशांक सिंघल, पूनम सिंघल अखिलेश अग्रवाल, श्रुति सिंघल, मीरा विश्वास आदि उपस्थित रहे


