आपदा से पहले तैयारी, ताकि संकट में न आए विपदा भारी।ऊधम सिंह नगर पुलिस, जिला प्रशासन एवं विभिन्न सुरक्षा एवं रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा संयुक्त आपदा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
रुद्रपुर(खबर धमाका)। ऊधम सिंह नगर पुलिस, जिला प्रशासन एवं विभिन्न सुरक्षा एवं रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा संयुक्त आपदा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया।
मानसून एवं संभावित प्राकृतिक आपदाओं के दृष्टिगत जनपद ऊधम सिंह नगर में आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव तैयारियों को परखने के उद्देश्य से पुलिस, जिला प्रशासन, फायर सर्विस, वन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों के जलभराव वाले इलाकों में क्षतिग्रस्त भवनों/घरों में फंसे व्यक्तियों के रेस्क्यू का अभ्यास किया गया। इसके अतिरिक्त, मानसून के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में फंसे लोगों एवं पशुओं को सुरक्षित निकालने की कार्यवाही का भी सफल प्रदर्शन किया गया।
ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, संसाधनों के उपयोग एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण किया गया।
