रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान मिलने पर महापौर ने सभी का किया थैंक्यू।साझा किया 417वीं रैंक से हिमालयी राज्यों में नंबर वन तक की उपलब्धियों का सफर।कई मानकों पर हुई अग्नि परीक्षा, अभी आदर्श रुद्रपुर बनाना बाकी
रुद्रपुर(खबर धमाका)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने इस उपलब्धि के पीछे किए गए प्रयासों, नगर निगम की बदली कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं को विस्तार से साझा किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने इस सफलता का श्रेय नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, पार्षदों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे शहर की मेहनत का परिणाम है। रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है और अब लक्ष्य शहर को आदर्श एवं स्मार्ट रुद्रपुर के रूप में विकसित करना है।
महापौर ने रुद्रपुर की रैंकिंग में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए बताया कि जब उन्होंने महापौर का दायित्व संभाला था, उस समय स्वच्छ सर्वेक्षण 2023-24 में नगर निगम की रैंकिंग 417 थी। इसके बाद हुए सर्वेक्षण में रुद्रपुर ने लंबी छलांग लगाते हुए 68वीं रैंक हासिल की। अब स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नगर निगम ने हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अचानक नहीं आया, बल्कि इसके लिए सुनियोजित तरीके से लगातार काम किया गया।
महापौर ने बताया कि सबसे पहले शहर को कूड़े के ढेरों से मुक्त करने और कचरे के नियमित उठान एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था पर ध्यान दिया गया। घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए वाहन लगाए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संसाधनों की मांग की गई तो उन्होंने 35 नए वाहन उपलब्ध कराए। वर्तमान में नगर निगम की 85 छोटी-बड़ी गाड़ियां स्वच्छता व्यवस्था में लगी हुई हैं। कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने के साथ चार श्रेणियों में कचरे के पृथक्करण की व्यवस्था विकसित की गई। सीबीजी प्लांट में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। गीले कचरे से सीएनजी तैयार की जा रही है, जबकि घरों से निकलने वाले मल के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए भी प्लांट स्थापित किया गया है, जहां इससे खाद तैयार की जाती है। नगर निगम ने ओडीएफ प्लस-प्लस श्रेणी के मानकों को भी पूरा किया है।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए नगर निगम की टीम ने हर मानक का अध्ययन कर एक-एक बिंदु पर काम किया। केंद्र सरकार की टीम ने भी रुद्रपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण किया और विभिन्न मानकों का सत्यापन किया। निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर किया गया। सफाई व्यवस्था के साथ बाजारों को व्यवस्थित करने, पार्कों की स्थिति सुधारने और लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने के लिए जागरूक करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल सफाई अभियान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे नगर निगम की कार्यसंस्कृति और शहरवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का प्रयास किया गया। इस पूरी मुहिम में पर्यावरण मित्रों की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही।
महापौर ने बताया कि शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल रहा। नालों और जल निकासी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम किया गया, जिसका असर इस बार बरसात के दौरान देखने को मिला। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई कड़े फैसले भी लेने पड़े, लेकिन शहरवासियों ने सकारात्मक सहयोग दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि शहर के विकास और स्वच्छता के लिए जब भी संसाधनों की आवश्यकता सामने रखी गई, मुख्यमंत्री ने तत्परता से सहयोग किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन और नगर निगम की टीम के समन्वित प्रयासों से ही आज रुद्रपुर इस मुकाम तक पहुंचा है।
भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि रुद्रपुर के विकास का विजन अभी काफी व्यापक है। शहर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम को धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है। कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत केंद्र सरकार को एक बड़ा प्रस्ताव भेजा गया है। शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए बुनियादी सुविधाओं से लेकर सौंदर्यीकरण तक प्रत्येक पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर पर भी बजट की मांग रखी गई है। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान मिलने के बाद राज्य और केंद्र सरकार से अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिल सकेगी।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पुरस्कार मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। अभी बहुत कुछ करना बाकी है। शहरवासियों से अपील है कि वे स्वच्छता और विकास के इस अभियान में आगे भी अपना सहयोग बनाए रखें। जहां कहीं भी व्यवस्था में कमी दिखाई दे, उसकी जानकारी नगर निगम को दें, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा शहर को अपना घर समझकर साफ रखना होगा। जिस तरह हम अपने घर और दुकान को स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह पूरे शहर को भी स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। चौकीदार की तरह शहर की सेवा में लगा हूं। जनता से जो वायदे किए हैं, उन्हें पूरा करके दिखाऊंगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विकास का यह सिलसिला रुकने नहीं दिया जाएगा। आदर्श रुद्रपुर बनाने के लिए सबका साथ और सहयोग जरूरी है।


