मयंक माटा बने रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी
रुद्रपुर(खबर धमाका)। रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन की आयोजित बैठक में संगठन के विस्तार एवं मीडिया गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से युवा एवं सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता मयंक माटा को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रभात खुराना ने मयंक माटा को नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा कि मीडिया प्रभारी के रूप में उनकी नियुक्ति से संगठन की गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों एवं जनहित से जुड़े कार्यों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मयंक माटा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए संगठन की गरिमा एवं उद्देश्यों को नई पहचान दिलाने का कार्य करेंगे।
नवनियुक्त मीडिया प्रभारी मयंक माटा ने रुद्रपुर इलेक्ट्रिकल्स एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास पर वे पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे तथा एसोसिएशन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन की सकारात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से समाज तक पहुँचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रभात खुराना, श्री दिलीप गुगलानी, श्री दीपक तनेजा एवं श्री मानस दुनेजा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मयंक माटा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
