उत्तराखंड

साधारण परिवार से हूं, जिंदगी के सर्घष करीब से देखें है,धामी। रुद्रपुर में मुख्यमंत्री ने 2600 लाभार्थियों को मालिकाना हक के सौंपें प्रमाण पत्र। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 403 को प्रदान किया स्वामित्व पत्र। 56704.93 लाख के 222 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

नरेन्द्र राठौर
रुद्रपुर (खबर धमाका)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रुद्रपुर के गाँधी पार्क में आयोजित नजूल भूमि का निशुल्क पट्टा वितरण एवं किफायती आवास आवंटन कार्यक्रम में 2600 लाभार्थियों को नजूल भूमि के पट्टे वितरित किये तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 403 लोगों को स्वामित्व पत्र प्रदान किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 56704.93 लाख के 222 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस लाईन में शक्ति वंदन अभियान के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद में भी प्रतिभाग किया।

रुद्रपुर में पात्र लोगों को मालिकाना हक का प्रमाण पत्र सौंपते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें निजी रूप से भी इस बात की बहुत खुशी है कि आज आखिरकार वो दिन आ गया जब आप सभी को अपने सपनों का आशियाना बनाने के लिए पट्टा मिल रहा है, क्योंकि आजादी के बाद यह पहला मौका है जब आप लोगों को मालिकाना हक का पट्टा मिल रहा है। इसके लिए जितना संघर्ष आप लोगों ने किया है उतनी ही मेहनत करनी हमारी सरकार ने भी की है।
उन्होंने कहा कि जब हाई कोर्ट ने नजूल नीति को खारिज कर दिया था और भूमि को खाली करने का आदेश दे दिया था।हमारी सरकार इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट लेकर गई, हमनें आपके हक की लड़ाई लड़ी। सुप्रीम कोर्ट में आप सबकी जीत हुई, हम जीते क्योंकि हमारे साथ केंद्र सरकार व आप सभी का आशीर्वाद था। इसके बाद हमनें विधानसभा में कानून पास किया, नजूल नीति 2021 लागू की, तमाम कानून प्रक्रियाएं अपनाई, तब जाकर आपको यह पट्टा देने में सफलता मिली है। इतना ही नहीं, हमारी सरकार ने ये सुनिश्चित किया कि पट्टा लेने के लिए आपको भाग दौड़ ना करनी पड़े बल्कि सरकारी दफ्तरों के कर्मचारी-अधिकारी खुद आपके दरवाजे तक चल कर आएं और सारे जुरुरी काम निपटाएँ। हमारी सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया कि इस पूरी प्रक्रिया में लाभार्थी परिवारों का एक भी रुपया खर्च नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भी एक साधारण परिवार से हैं, गांव में जन्मे और पले-बढ़े हैं तथा जिंदगी के संघर्षों को करीब से देखा समझा है। लोगों की जिंदगी का अधिकांश समय मूलभूत आवश्यकताओं रोटी,कपड़ा और मकान की समस्याओं को सुलझाने में ही गुजर जाता है। ऐसे में घर बनाना किसी बड़े सपने से कम नहीं होता है, शहरी क्षेत्रों में तो घर बनाने के लिए जमीन खरीदना भी एक बड़ी बात होती है। आज जब आपको यह पट्टा मिल रहा है तो उन्हें खुशी हो रही है कि आपका सपना पूरा हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता की सच्ची हितैषी है, नजूल नीति का सरलीकरण करके हमनें शहरवासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि ये अभी पहला चरण है जिसमें 2600 परिवारों को मालिकाना हक का पट्टा दिया जा रहा है, अभी भी जो पात्र परिवार बचे हुए हैं उनको पट्टा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, बहुत जल्द ही उन्हें भी उनके सपनों का घर बनाने के लिए पट्टा मिल जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार हर तरफ से भारत के लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठा रही है, सभी का उत्थान कर रही है। मोदी जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव किसी से छुपा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से धन्यवाद किया ,कहा कि जब हमनें आप सभी को मालिकाना हक का पट्टा देने के लिए विधानसभा में विधेयक पारित किया तो विधेयक की अंतिम मंजूरी के लिए राजभवन के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा गया था, मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आपकी समस्या,आपकी पीड़ा और संघर्ष समझने में देर नहीं लगाई और इसे अपनी मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति से प्रेरणा लेते हुए हमने भी उत्तराखंड के विकास और सुख शांति को बनाए रखने के लिए कई कठोर निर्णय लिए हैं और कई कठोर कानून बनाए हैं। हम महिलाओं को उत्पीड़न से बचाने के लिए समान नागरिक संहिता का विधेयक लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कठोर कानून बनाया। युवाओं का भविष्य संवारने के लिए देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाया। हमारी सरकार लैंड जिहाद को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्यवाही कर रही है। अभी दो दिन पहले ही हमने दंगा करने वाले दंगाइयों से ही सारे नुकसान की भरपाई का नियम लागू किया है।
मुख्यमंत्री ने नजूल भूमि के फ्री होल्ड के लाभार्थी रविन्द्र नगर के विवेक तिवारी एवं शिव नगर की मेघना से वार्ता की। उक्त दोनों लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा नगर निगम रुद्रपुर में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की नामित ब्राण्ड एंबेसडर नीलम कोहली को उनके उत्कृष्ट योगदान दिए जाने के फलस्वरूप प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, इसी क्रम में दीपा मटेला को उत्तराखंडी ऐपण कला को देश-विदेश में विख्यात किये जाने हेतु, सिलाई एवं फैशन डिजाइन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने पर कु. पूनम एवं कनकलता को डोना पत्तल का लघु उद्योग स्थापित कर महिलाओं को रोजगार देने के सराहनीय कार्य के लिए मुख्यमंत्री के द्वारा सम्मानित किया गया।
केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री श्री अजय भट्ट ने सभी लाभार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा जनता की समस्याओं के समाधान के लिये डबल इंजन की सरकार हर संभव प्रयासरत है। गरीबों के उत्थान के लिये कार्य कर रही है। उन्होने लालकुआं से अमृतसर तक रेल संचालित करने के लिये केन्द्र सरकार का व गरीबों को नजूल पट्टा फ्री होल्ड करने व प्रधानमंत्री आवास आवंटन करने के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

यह रहे मौजूद 
इस अवसर पर विधायक अरविंद पाण्डे, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर (डब्बू), उत्तम दत्ता, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, गुँजन सुखीजा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा,प्रदेश मंत्री भाजपा विकास शर्मा, विवेक सक्सेना, भारत भूषण चुघ, प्रकाश हरबोला, सुरेश कोली सहित मण्डलायुक्त दीपक रावत,डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी उदय राज सिंह,एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी,मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार,उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण अभिषेक रूहेला आदि उपस्थित थे।