कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के तत्वावधान में रानीखेत महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन

नरेन्द्र राठौर(खबर धमाका)। 06 अप्रैल 2026 को स्वर्गीय श्री जयदत्त वैला स्व० संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत के कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के तत्वावधान में महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में प्रातः 11:30 बजे से विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिलिट्री हॉस्पिटल (MH) रानीखेत से आए विशेषज्ञ अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर विकास, मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कर्नल श्रीकुमार एस., सुश्री देविका एस. नायर तथा मेजर अनमोल कुमारी (नर्सिंग ऑफिसर, एमएच रानीखेत) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रथम व्याख्यान सुश्री देविका एस. नायर द्वारा “मानसिक स्वास्थ्य एवं करियर विकास” विषय पर दिया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक संतुलन बनाए रखते हुए करियर में प्रगति करने के विभिन्न उपायों के बारे में बताया। इसके पश्चात मेजर अनमोल कुमारी ने “लाइफस्टाइल डिजीज एवं उनका नियंत्रण” विषय पर व्याख्यान देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में कर्नल श्रीकुमार एस. ने “एकीकरण, निरंतरता और सफलता” विषय पर प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर प्रयास के महत्व को समझाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो० पी.एन. तिवारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के लगभग 45 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। साथ ही महाविद्यालय के कई प्राध्यापक भी उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. प्राची जोशी (वनस्पति विज्ञान), डॉ. बी.के. जोशी (राजनीति विज्ञान), डॉ. दीपाली कनवाल (वाणिज्य), डॉ. कोमल गुप्ता (वनस्पति विज्ञान), डॉ. अपूर्वा (प्राणी विज्ञान) सहित अन्य प्राध्यापकगण सम्मिलित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने वक्ताओं से संवाद कर अपने करियर एवं स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल चन्द्रा , सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग द्वारा किया गया।
