शक्तिफार्म से नामकरण संस्कार में जा रहे परिवार की कार डंपर से भिड़ी, तीन की मौत दो महिलाओं की मौत, बच्ची गंभीर; हादसे से शक्तिफार्म में शोक की लहर
शक्तिफार्म/ऊधम सिंह नगर(खबर धमाका)। नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे शक्तिफार्म के परिवार के पांच सदस्यों की कार सोमवार को पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में कार की सामने से आ रहे डंपर से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म के शिव मंदिर वार्ड नंबर तीन निवासी तारक मंडल (35) पुत्र निताई मंडल, शेफाली राय (65) पत्नी स्व. दुलाल राय तथा देवनगर निवासी साधना (35) पत्नी सनातन गाईन, उनके पुत्र शांतनु और पुत्री खुशबू कार से पूरनपुर क्षेत्र में आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। कार तारक मंडल चला रहे थे। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रहे डंपर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तारक मंडल, शेफाली राय और साधना की मौत हो गई, जबकि साधना की पुत्री खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य करते हुए घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया।
लोगों के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले तारक मंडल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बताया गया कि उनके माता-पिता की करीब डेढ़ वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। तारक मंडल गौ रक्षा दल से भी जुड़े हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही शक्तिफार्म क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#shaktifarm #udhamsinghnagar

