*जिलाधिकारी ने ली वर्चुअल मासिक समीक्षा बैठक, लापरवाह अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब।*
रूद्रपुर(खबर धमाका)-। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की मॉनिटरिंग की गई और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान संतोषजनक कार्य न करने पर जिलाधिकारी ने लोक अभियोजक जयपाल सिंह और सीमा रानी का स्पष्टीकरण तलब किया है। भूमि और प्रमाण पत्र मामलों को लेकर ज़िलाधिकारी ने एसडीएम स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पटवारी की जांच के बाद कानूनगो को भी मौका मुआयना के लिए भेजा जाए तथा सत्यापन रिपोर्ट तत्काल प्रभाव से प्रेषित की जाए। जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ ही धारा 143 के सभी ऑनलाइन आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को नियमित रूप से संबंधित पोर्टल पर लॉगिन करें। जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट में 3 से 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मुख्य देयकों की वसूली के साथ ही विविध देयकों की वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।साथ ही निर्धारित लक्ष्यों को अगले माह तक शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। धान खरीद के लिए समय पर केंद्र खोलने के साथ-साथ फ्लाइंग स्क्वायड दल भी तैनात करने के अधिकारियों को निर्देश देते हुए किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा (फूड सेफ्टी) का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को इस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनगणना कार्यों में तेजी लाने और सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का नियमित रूप से निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर ज़िलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा,एसडीएम तुषार सैनी, हिमांशु क़फ़्लटिया, एएसपी अनुषा बडोला, संयुक्त निदेश विधि डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज तिवारी, बरीत सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।
——————————————

