*केंद्रीय मंत्री ने खटीमा में जनजातीय कल्याण योजनाओं की घोषणा, एकलव्य विद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये की सौगात। जुएल ओरम*
खटीमा/ऊधमसिंहनगर (खबर धमाका)।केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरम ने खटीमा में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल को याद किया और जनजातीय विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में जब अटल जी देश के प्रधानमंत्री बने तब जनजातीय मामलों के लिए एक अलग मंत्रालय का गठन किया गया था जिसका उद्देश्य थारू,बोक्सा,जोनसारी जैसे जनजातीय समाजों के सर्वांगीण विकास के लिए अलग से योजनाएँ चलाना था।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों के साझा प्रयासों से खटीमा में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि खटीमा में एकलव्य विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए भारत सरकार द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत लगाई जाएगी। इसमें 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और इसका निर्माण कार्य दो-तीन दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। इस विद्यालय में 240 लड़कों और 240 लड़कियों सहित कुल 480 छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने खटीमा के एकलव्य स्कूल के सौ फीसदी परीक्षा परिणाम की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के अन्य स्थानों जैसे बाजपुर,चकराता और देहरादून के कालसी में भी ऐसे विद्यालय बेहतरीन शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय कल्याण के लिए चलाए जा रहे बजट का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पीएम-जनमन योजना के तहत 24,000 करोड़ रुपये, ‘धरती आबा अभियान’ के लिए 89,000 करोड़ रुपये और एकलव्य विद्यालयों के लिए 25,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की जनजातीय समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

