कांग्रेस की न्याय यात्रा पूरी तरह फ्लापः महापौर।महापौर बोले- जो अपनों के साथ न्याय नहीं कर सकते, वे जनता को क्या न्याय दिलाएंगे।शहीद भगत सिंह को नमन नहीं करने पर भी उठाए सवाल।
रुद्रपुर(खबर धमाका)। जिला मुख्यालय रुद्रपुर में कांग्रेस की ओर से निकाली गई न्याय यात्रा पर महापौर विकास शर्मा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने यात्रा को पूरी तरह विफल करार देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी न्याय यात्रा में 200 से 300 लोगों की भीड़ तक नहीं जुटा सकी। उन्होंने शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं किए जाने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रदेश में सरकार बदलने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन रुद्रपुर जैसे जिला मुख्यालय में ही अपनी ताकत नहीं दिखा पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता न देश के साथ न्याय कर सकते हैं, न समाज के साथ और न ही अपने कार्यकर्ताओं के साथ। न्याय यात्रा में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिलना कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को दर्शाता है।
महापौर ने शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह और भी शर्मनाक है कि जिस पार्क का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर है, वहां कांग्रेस की प्रभारी ने उनकी प्रतिमा पर नमन और माल्यार्पण तक नहीं किया। पार्टी के नेताओं के कहने के बावजूद ऐसा नहीं किया गया। महापौर ने इसे शहीदों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कांग्रेस की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए।
महापौर ने कांग्रेस की न्याय यात्रा में जिले के वरिष्ठ नेता एवं विधायक तिलकराज बेहड़ की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले में कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल तिलकराज बेहड़ का कार्यक्रम में मौजूद नहीं होना पार्टी के भीतर चल रहे मनमुटाव की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति अब किसी से छिपी नहीं है और पार्टी के नेता आपसी मतभेदों से ही जूझ रहे हैं।
महापौर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो नेता अपने ही राजनीतिक क्षेत्र में जनसमर्थन नहीं जुटा पा रहे हैं, वे पूरे उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन की बात कैसे कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। केवल बड़े-बड़े दावे करने से राजनीति में सफलता नहीं मिलती, बल्कि जनता के बीच काम करके उनका विश्वास जीतना पड़ता है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है और जनता का विश्वास हासिल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उपचुनावों से लेकर लोकसभा, विधानसभा, निकाय, पंचायत, बैंक और सहकारी समितियों के चुनावों तक भाजपा को लगातार सफलता मिली है। यह जनसमर्थन मुख्यमंत्री के कार्यों और सरकार की नीतियों का परिणाम है।
महापौर ने आपदा के समय मुख्यमंत्री की सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि जब कठिन परिस्थितियों में अधिकारी भी किसी स्थान तक पहुंचने को लेकर असमर्थता जता रहे थे, तब मुख्यमंत्री स्वयं हेलीकॉप्टर से वहां पहुंचने का साहस दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सैनिक पुत्र हैं और उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों तथा यहां के लोगों की समस्याओं को समझते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। महापौर ने विश्वास जताया कि प्रदेश में विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। महापौर ने कहा कि उत्तराखंड का नेतृत्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों में सुरक्षित है और उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में एक बार फिर धामी सरकार बनेगी और उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

