रूद्रपुर में यूपी बार्डर 2.75 करोड की लागत से बनेगा भव्य प्रवेश द्वार। डीडीए ने रुद्रपुर के साथ ही काशीपुर व खटीमा में भी प्रवेश द्वार बनाने की डीपीआर तैयार
रुद्रपुर(खबर धमाका)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उत्तराखण्ड की सीमा पर एक अत्यंत भव्य और आकर्षक ‘उत्तराखण्ड प्रवेश द्वार’ का निर्माण होने जा रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के मुख्य मार्ग का व्यापक रूप से सौन्दर्गीकरण भी किया जाएगा। औद्योगिक नगरी रुद्रपुर को उत्तराखण्ड के ‘ग्रैंड गेटवे’ के रूप में स्थापित करने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत रू0 2.75 करोड़ है।
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण द्वारा प्रथम चरण में रुद्रपुर शहर के लिए इस प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य धरातल पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल चयन की प्रक्रिया वर्तमान में गतिमान है। उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के आग्रह पर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर द्वारा स्थल चयन समिति का गठन भी कर दिया गया है।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं एवं वास्तुकला-
1. यह प्रवेश द्वार केवल एक कंक्रीट का ढांचा मात्र नहीं होगा, बल्कि यह उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक विकास का एक बेजोड़ संगम होगा।
2. प्राधिकरण द्वारा रुद्रपुर के साथ-साथ काशीपुर और खटीमा शहरों के लिए भी ऐसे प्रवेश द्वारों के डिजाइन और डीपीआर तैयार किए जाने हैं, जो वहां के स्थानीय परिवेश, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करते हों।
3. मुख्य द्वार का निर्माण आधुनिक निर्माण तकनीकों के अनुसार किया जा रहा है, जो बेहद मजबूत, दीर्घकालिक और वास्तुकला के दृष्टिकोण से अद्वितीय होगा।
4. रात्रि के समय इस प्रवेश द्वार की भव्यता देखने लायक होगी। पूरे क्षेत्र को चमचमाती एलईडी गार्डन लाइट्स से रोशन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को देवभूमि में प्रवेश करते ही एक सकारात्मक और दिव्य अनुभूति हो।
5. प्रवेश द्वार के चारों ओर एक सुंदर बाउंड्री वॉल के भीतर ग्रीन एरिया (हरित क्षेत्र) विकसित किया जाएगा। बागवानी के माध्यम से रंग-बिरंगे फूलों और पौधों से इस पूरे स्ट्रेच को सजाया जाएगा।
6. यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के बैठने व विश्राम करने के लिए आकर्षक गार्डन बेंच लगाई जाएंगी, जिससे यह स्थान एक सुंदर पब्लिक स्पेस के रूप में भी उभरेगा।
लागत का संक्षिप्त विवरण –
इस परियोजना के लिए प्रथम चरण में रूद्रपुर क्षेत्र में प्रवेश द्वार, जिसके लिये रू0 2.75 करोड़ के कुल बजट के अंतर्गत निर्माण कार्यों को वित्तीय पारदर्शिता के साथ वर्गीकृत किया गया है।
रुद्रपुर एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां देश-विदेश से उद्यमियों, व्यापारियों और पर्यटकों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में, शहर की सीमाओं पर एक व्यवस्थित, सुंदर और भव्य स्वागत द्वार का होना बेहद जरूरी था। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई यह कार्ययोजना रुद्रपुर की आंतरिक अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ शहर की री-ब्रांडिंग करेगी। यह द्वार उत्तराखण्ड में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति के मन में राज्य की एक स्वच्छ, प्रगतिशील और सुंदर छवि अंकित करेगा।
स्थल चयन समिति द्वारा हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य को तीव्र गति से शुरू कर दिया जाएगा, जिससे समयबद्ध तरीके से रुद्रपुर वासियों को यह ऐतिहासिक सौगात मिल सके।
