Latest:
उधमसिंह नगर

रूद्रपुर की बबीता अधिकारी कंबोडिया में आयोजित 6वीं एशियन वोविनाम चैम्पियनशिप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व।

रूद्रपुर, ऊधम सिंह नगर(खबर धमाका)।हौसलों की उड़ान तब और ऊँची हो जाती है, जब सपनों के साथ मेहनत और परिवार का साथ भी जुड़ जाए।दिनांक 24 से 30 नवम्बर 2026 तक नॉम पेन्ह, कंबोडिया में आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोविनाम चैम्पियनशिप में ऋषि मार्शल आर्ट्स एकेडमी, रूद्रपुर की होनहार खिलाड़ी बबीता अधिकारी भारतीय टीम में शामिल होकर भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बबीता के चयन से रूद्रपुर सहित पूरे ऊधमसिंह नगर में खुशी की लहर है। बबीता ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। यह उनकी वर्षों की तपस्या, परिवार के साथ और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

 

इस अवसर पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता श्री भारत भूषण चुघ ने बबीता अधिकारी एवं प्रशिक्षकों से आत्मीय भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया एवं विजयश्री हेतु शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

 

भारत भूषण चुघ ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि

“बबीता ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि सपनों को हौसलों से पूरा किया जाता है। बबीता ने रूद्रपुर और उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि बबीता कंबोडिया से पदक जीतकर लौटेंगी। मैं इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ और हर संभव सहयोग के लिए सदैव साथ खड़ा रहूँगा। हाल ही में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि उत्तराखण्ड के युवा किसी से कम नहीं हैं, आप पूरी ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर जाएं और कंबोडिया से स्वर्ण पदक लेकर लौटें।”

 

इस दौरान वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखण्ड के अध्यक्ष एवं कोच श्री ऋषिपाल भारती को सम्मानित किया गया। साथ ही भारती ने कहा कि – “बबीता ने दिन-रात कड़ी मेहनत की है। वह सुबह से शाम तक अभ्यास में लगी रहती हैं। वोविनाम एक उभरता हुआ खेल है जो खिलाड़ियों में काफी लोकप्रिय हो रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि बबीता कंबोडिया में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतकर लाएंगी और उत्तराखण्ड का नाम ऊँचा करेंगी।”

 

उन्होंने यह भी बताया कि बबीता अधिकारी का चयन प्रदेश के लिए गर्व की बात है और आज भारतीय टीम वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग एवं महासचिव श्री शंकर महाबले, टेक्निकल डायरेक्टर श्री देवन मोइरेंगथेम की अगुवाई में कंबोडिया के लिए रवाना होगी।

 

उत्तराखण्ड राज्य के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल होकर भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसमें ऊधमसिंह नगर जनपद की बबीता अधिकारी, तेजस्विनी, हर्षित कुमार, नैनीताल जनपद के सागर सिंह अधिकारी, हरिद्वार के अजय शर्मा शामिल हैं।

 

“जीत की खातिर ही तो मैदान में उतरे हैं,

अब रुकना नहीं है, तिरंगा लहराकर ही लौटना है।”

 

इस अवसर पर महेश ढींगरा, सुरेंद्र कालरा, सुरेश गांधी, जगन ढींगरा, महेश कालरा, चन्द्र कटारिया, कोमल ढींगरा, ऊषा गांधी, नीलम कटारिया, अंजू कटारिया, सीमा गांधी, विजय अरोरा, उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ डीके सिंह, जिला डीएसओ जानकी कार्की, वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तकनीकी निदेशक एवं वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह रावत, महासचिव विनोद लखेरा, कोषाध्यक्ष हिमा भट्ट, क्षितिज सिंह, रूनू शर्मा , गंगा मेहरा सहित जिले के खेल प्रेमियों, समाजसेवियों और अभिभावकों ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

Advertisement