Latest:
उधमसिंह नगर

रुद्रपुर के बड़े प्रोजेक्ट्स को मिलेगी रफ्तार* *शहरी विकास सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण* *महापौर विकास शर्मा के साथ शहर की भावी योजनाओं पर हुई चर्चा* * बड़े प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाने का मिला आश्वासन*

रुद्रपुर(खबर धमाका)। रुद्रपुर को सुनियोजित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्तावित बड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को उत्तराखण्ड शासन के शहरी विकास सचिव नितेश झा ने महापौर विकास शर्मा, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय एवं नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ शहर में संचालित और प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति और मौके की स्थिति की जानकारी लेने के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने शहरी विकास सचिव के समक्ष रुद्रपुर की वर्तमान समस्याओं के साथ शहर की भविष्य की जरूरतों का खाका भी रखा। ड्रेनेज और सीवर जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं से लेकर पेयजल व्यवस्था, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, नगर निगम की पुरानी मार्केटों के कायाकल्प, नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और पर्यावरण मित्रों के लिए आवास निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने इन योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए शासन स्तर से सहयोग की अपेक्षा की, जिस पर सचिव ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

शहरी विकास सचिव नितेश झा ने किच्छा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। यहां कभी वर्षों से जमा कूड़े का विशाल ढेर शहर के लिए बड़ी समस्या बना हुआ था। नगर निगम के प्रयासों से अब इस स्थान की तस्वीर बदल चुकी है और कूड़े के पहाड़ वाली भूमि को पार्क के रूप में विकसित किया गया है। सचिव ने मौके पर हुए बदलाव को देखा और नगर निगम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नगर निगम के सीबीजी प्लांट का भी निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महापौर ने उन्हें कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता को लेकर नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।

शहरी विकास सचिव ने नगर निगम भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर और अधिकारियों ने उन्हें नगर निगम के प्रस्तावित नए भवन की योजना के बारे में जानकारी दी। काशीपुर बाईपास रोड पर इंडेन गैस एजेंसी के पास प्रस्तावित मल्टी कॉम्प्लेक्स के लिए चिन्हित भूमि का भी सचिव ने स्थलीय निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित निर्माण की रूपरेखा के साथ इंडेन गैस एजेंसी की प्रस्तावित शिफ्टिंग को लेकर भी चर्चा हुई।

शहरी विकास सचिव ने नगर निगम की वर्षों पुरानी मार्केटों का भी जायजा लिया। महापौर ने बताया कि समय के साथ जर्जर और पुरानी हो चुकी इन मार्केटों को नए स्वरूप में विकसित करने की योजना है, ताकि व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ नगर निगम की संपत्तियों का भी सुनियोजित उपयोग हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के पर्यावरण मित्रों के लिए प्रस्तावित आवासीय योजना को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। महापौर विकास शर्मा ने सचिव को योजना की आवश्यकता और इससे पर्यावरण मित्रों को मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पर्यावरण मित्रों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम गंभीरता से काम कर रहा है।

महापौर विकास शर्मा ने शहरी विकास सचिव के साथ बैठक और निरीक्षण के दौरान रुद्रपुर की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल जलभराव और सीवर व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने शहर के लिए प्रस्तावित ड्रेनेज प्लान की जानकारी देते हुए इसे रुद्रपुर की भविष्य की जरूरतों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।

इसके साथ ही शहर में व्यवस्थित सीवर नेटवर्क विकसित करने की योजना को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विस्तार कर रहा है और आबादी लगातार बढ़ रही है, ऐसे में आने वाले दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचा तैयार करना आवश्यक है। ड्रेनेज और सीवर जैसी योजनाएं शहर के स्वरूप में बड़ा बदलाव लाने वाली साबित होंगी।

महापौर विकास शर्मा ने निरीक्षण के बाद कहा कि शहरी विकास सचिव नितेश झा के साथ रुद्रपुर की आगामी योजनाओं को लेकर बेहद सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई है। नगर निगम की ओर से शहर के विकास से संबंधित जो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं, उन्हें शासन स्तर पर तेजी से आगे बढ़ाने का भरोसा मिला है।

महापौर ने कहा, शहरी विकास सचिव ने सीबीजी प्लांट, ट्रेंचिंग ग्राउंड, नगर निगम भवन, प्रस्तावित मल्टी कॉम्प्लेक्स और नगर निगम की पुरानी मार्केटों का निरीक्षण किया। पर्यावरण मित्रों के आवास से लेकर पेयजल, ड्रेनेज, सीवर और भविष्य में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई है। सचिव ने हमारे प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाने में सहयोग का आश्वासन दिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए शासन स्तर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहरी विकास सचिव स्वयं निकायों में पहुंचकर विकास योजनाओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। रुद्रपुर में उनका निरीक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच रुद्रपुर को एक आदर्श और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की है। नगर निगम भी इसी लक्ष्य को लेकर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज और सीवर जैसी बड़ी आधारभूत परियोजनाओं के साथ पेयजल व्यवस्था में सुधार, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना, नई निगम बिल्डिंग, आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, पुरानी मार्केटों का कायाकल्प, पर्यावरण मित्रों के लिए आवास और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की योजनाएं जब एक-एक कर धरातल पर उतरेंगी तो रुद्रपुर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।

महापौर ने कहा हमारा प्रयास रुद्रपुर को उत्तराखण्ड के आदर्श नगर निगम के रूप में विकसित करने का है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और शासन के सहयोग से जिस तरह बड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, उससे आने वाले समय में रुद्रपुर एक नए स्वरूप में नजर आएगा।