देवभूमि उत्तराखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं! नाबालिग बच्ची से कथित दुष्कर्म के मामले पर चेतन भट्ट का बीजेपी और ABVP पर तीखा हमला। चेतन भट्ट।बोले, देवभूमि की पहचान बेटियों के सम्मान से है, अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों को बेनकाब करना होगा।
रुद्रपुर(खबर धमाका)। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में ABVP से जुड़े अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता पर 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के गंभीर आरोपों को लेकर NSUI के प्रदेश सचिव एवं छात्र संघ उपाध्यक्ष चेतन भट्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
चेतन भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड, जिसे हम देवभूमि कहते हैं, आज यहां की बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस संगठन से जुड़े लोग छात्र राजनीति में बड़े-बड़े आदर्शों और संस्कारों की बात करते हैं, उसी संगठन के एक प्रत्याशी पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।
उन्होंने बीजेपी और ABVP पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण ने पहले ही उत्तराखंड की जनता के मन में कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उस मामले में भी कथित VIP कनेक्शन और राजनीतिक संरक्षण को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आज एक बार फिर नाबालिग बच्ची से जुड़े इस मामले ने देवभूमि की बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चेतन भट्ट ने कहा कि बीजेपी और ABVP को जवाब देना चाहिए कि आखिर बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले लोग ऐसे गंभीर आरोपों पर क्या जवाब देंगे? क्या राजनीतिक संगठन की सदस्यता किसी को कानून से ऊपर कर देती है?
उन्होंने कहा कि देवभूमि में बेटियों के सम्मान से बड़ा कोई संगठन, कोई पार्टी और कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं हो सकती। अगर आरोप सही साबित होते हैं तो दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के सामने उदाहरण बने।
चेतन भट्ट ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, पीड़िता को न्याय मिले और किसी भी राजनीतिक दबाव में जांच प्रभावित न हो। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई संगठन अपराधियों को संरक्षण देता है तो ऐसे संगठन पर देशभर में प्रतिबंध लगाने की मांग होनी चाहिए।


