जनपद ऊधम सिंह नगर में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की व्यापक कार्रवाई* *अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर दबिश, लगभग 305 लीटर कच्ची शराब एवं अवैध मदिरा बरामद; अभियोग पंजीकृत, दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी*
रुद्रपुर(खबर धमाका)। आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी महोदय, ऊधम सिंह नगर के निर्देशों तथा जिला आबकारी अधिकारी, ऊधम सिंह नगर श्री महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी अपराध निरोधक अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आबकारी विभाग की टीमों द्वारा व्यापक छापेमारी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
क्षेत्र-01 रुद्रपुर
क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम को ग्राम रायपुर, अर्जुनपुर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भण्डारण एवं बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई। सूचना पर आबकारी टीम एवं जनपदीय प्रवर्तन दल द्वारा संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम रायपुर, अर्जुनपुर के खेतों में दबिश दी गई।
दबिश के दौरान दो ट्यूबों में लगभग 110 लीटर तथा दो कपड़े के थैलों में लगभग 60 लीटर, कुल 170 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के संबंध में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में उप आबकारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार एवं विजेंद्र जीना तथा प्रधान आबकारी सिपाही विकास रावत एवं आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, मंजू, राखी, बलजीत आदि द्वारा की गई।
क्षेत्र-02 खटीमा
क्षेत्र-02 खटीमा में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भण्डारण के अड्डों के समूल विनिष्टीकरण के उद्देश्य से सघन अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति सुनील पुत्र राजकुमार को प्लास्टिक के कट्टे में 46 पव्वे 8 PM व्हिस्की एवं 20 टेट्रा पैक माल्टा के साथ गिरफ्तार किया गया तथा उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके अतिरिक्त आलावर्दी गांव में दबिश के दौरान सरस्वती देवी पत्नी महेश राम को उसके घर से 40 पाउचों में लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र-02 खटीमा के समस्त आबकारी स्टाफ द्वारा की गई।
क्षेत्र-03 काशीपुर
क्षेत्र-03 काशीपुर की टीम को ग्राम खड़गपुर, देवीपुरा, काशीपुर में अवैध शराब की बिक्री की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजकुमार पुत्र राधेश्याम के घर की तलाशी ली गई, जहां से 60 टेट्रा पैक, 200 एमएल माल्टा देशी शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
इसके उपरांत प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम कलियावाला में सड़क किनारे एवं खेतों में दबिश दी गई, जहां से लगभग 90 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। बरामदगी के संबंध में अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में उप आबकारी निरीक्षक असीस सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट तथा कृष्ण चन्द्र, सुमन आर्या, नैनिका राणा एवं अन्य आबकारी स्टाफ द्वारा की गई।
क्षेत्र-04 बाजपुर
क्षेत्र-04 बाजपुर की आबकारी टीम द्वारा बेरिया रोड, गजरौला एवं तोता बेरिया क्षेत्र में सघन दबिश अभियान चलाया गया।
दबिश के दौरान बेरिया रोड से 51 टेट्रा पैक, लगभग 10.2 लीटर अवैध देशी शराब (उत्तर प्रदेश) बरामद की गई। बरामदगी के संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई आबकारी निरीक्षक श्री महेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रधान आबकारी सिपाही पवन कुमार कम्बोज तथा आबकारी सिपाही रेनुका बोरा, अर्चना यादव एवं अन्य स्टाफ द्वारा की गई।
आज की कार्रवाई में जनपद के चारों क्षेत्रों में की गई प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान लगभग 305 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त बड़ी मात्रा में अवैध पैक्ड मदिरा भी बरामद की गई तथा नियमानुसार अभियोग पंजीकृत किए गए। खटीमा क्षेत्र में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है तथा अन्य मामलों में आरोपियों की तलाश एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, भण्डारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद ऊधम सिंह नगर को अवैध एवं जहरीली शराब से मुक्त रखने के लिए आबकारी विभाग द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
